उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव रोमांचक होता नज़र आ रहा है. समाजवादी पार्टी ने 2 नामों की घोषणा कर दी है. वही तीसरे उम्मीदवार का नाम अभी तक सामने नहीं आया है. माना जा रहा है की सपा आज या कल में उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है.
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है. अब इन सीटों पर होने वाला चुनाव बेहद रोचक होता नजर आ रहा है. समाजवादी पार्टी और बीजेपी दोनों ही अपने तय कोटे से एक अतिरिक्त प्रत्याशी मैदान में उतारने की तैयारी में हैं. ऐसे में अगर दोनों तरफ से अतिरिक्त उम्मीदवार उतारे जाते हैं तो राज्यसभा चुनाव में मतदान तय माना जा रहा है.
नामांकन के आखिरी दिन होगी उम्मीदवार की घोषणा
जानकारी के मुताबिक समाजवादी पार्टी अपने तीसरे प्रत्याशी के नाम का खुलासा नामांकन के आखिरी दिन यानी मंगलवार को कर सकती है. बताया जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीसरे प्रत्याशी का नाम तय कर लिया है और उसके लिए नामांकन पत्र भी तैयार करा लिया गया है. हालांकि पार्टी नेतृत्व बीजेपी की चुनावी रणनीति पर नजर बनाए हुए है. बीजेपी के प्रत्याशियों और उनकी संख्या सामने आने के बाद ही सपा अपने तीसरे उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा करेगी.
आज भी सामने आ सकता नाम
जानकारी के मुताबिक पार्टी ने अपने तीसरे प्रत्याशी को लेकर पूरी रणनीति तैयार कर ली है. फिलहाल नेतृत्व बीजेपी के अगले कदम का इंतजार कर रहा है. संभावना है कि सपा आज अपना तीसरा उम्मीदवार का नाम सामने ला सकती है, लेकिन सबसे ज्यादा संभावना नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को पत्ता खोलने की है.
2 उम्मीदवारों के नाम आ चुके सामने
आपको बता दें कि इससे पहले सपा अपने दो प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है. इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और रिलायंस समूह के कंसल्टेंट धनराज नाथवानी शामिल हैं. मौजूदा समीकरणों के मुताबिक अगर सपा दो और बीजेपी आठ प्रत्याशियों तक ही सीमित रहती है तो सभी 10 सीटों पर चुनाव निर्विरोध हो जाएगा. लेकिन किसी भी पक्ष की तरफ से एक भी अतिरिक्त प्रत्याशी उतारे जाने की स्थिति में मतदान कराना होगा.
गठबंधन के विधायक संपर्क में होने का दावा
आपको बता दें कि राज्यसभा चुनाव में एक प्रत्याशी को जीत के लिए 36 प्रथम वरीयता मतों की जरूरत होगी. सपा का दावा है कि उसके साथ वर्तमान में जितने विधायक हैं, उनके मतों को जोड़ने के बाद तीसरे प्रत्याशी की जीत के लिए उसे करीब पांच अतिरिक्त मतों की ही जरूरत पड़ेगी. पार्टी का दावा है कि इन अतिरिक्त मतों के लिए सत्ताधारी गठबंधन के कुछ विधायक उसके संपर्क में हैं.
