उत्तर प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या 177,516 से घटकर 173,730 हो गई है. विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मतदेय स्थलों यानी बूथों का नए सिरे से निर्धारण किया गया है. साथ ही यह भी निर्देश दिया है कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची के एक ही हिस्से में दर्ज किए जाएं.
उत्तर प्रदेश में आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदेय स्थलों यानी बूथों का नए सिरे से निर्धारण किया गया है. जानकारी के मुताबिक़ भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों के लिए मतदेय स्थलों के सम्भाजन प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसके बाद अब प्रदेश में बूथों की संख्या 1,77,516 से घटकर 1,73,730 रह गई है. यानी कुल 3,786 मतदेय स्थल कम हुए हैं.
4 नवंबर को किया अनुमोदित
इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को बताया कि 1,200 मतदाताओं के निर्धारित मानक के आधार पर तैयार प्रस्ताव को भारत निर्वाचन आयोग ने 4 नवंबर को अनुमोदित किया है. मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया 16 अक्टूबर से शुरू हुई थी. चलाए जा रहे रहे विशेष सारांश पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के तहत, जिसकी अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 है, मतदाता सूची का मसौदा अब आयोग द्वारा अनुमोदित 1,73,730 मतदान केंद्रों पर प्रकाशित किया जाएगा
ERO और AERO करेंगे निगरानी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को नए मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. बताया जा रहा है कि जिन मतदाताओं के बूथ बदले गए हैं, उन्हें संबंधित बीएलओ के माध्यम से लिखित जानकारी दी जाएगी. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी बीएलओ सुपरवाइजर, ERO और AERO करेंगे.
एक ही सूची में हो परिवार का नाम
निर्वाचन आयोग ने साथ ही यह भी निर्देश दिया है कि एक परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची के एक ही भाग में दर्ज हों. यदि आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद किसी परिवार के सदस्य का नाम अलग मतदेय स्थल पर पाया जाता है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 के जरिए संशोधन कराया जाएगा.
पार्टियों को सूची उपलब्ध कराने के निर्देश
आपको बता दें कि आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अनुमोदित मतदेय स्थलों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही नए और बदले हुए बूथों को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे मतदाताओं को मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो.
