वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम इन दिनों चर्चा में है. अब कई परिवारों ने आरोप लगाया है कि उनके बच्चे सोशल मीडिया से प्रभावित होकर आश्रम पहुंचे लेकिन वे वापस नहीं लौटे. पुलिस ने मामले में जांच की है.
मथुरा के वृंदावन में मौजूद केली कुंज आश्रम को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई परिवार अपने बच्चों के लापता होने की शिकायतें और आरोप लेकर यहां पहुंच रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि उनके बच्चे सोशल मीडिया पर संत प्रेमानंद महाराज के वीडियो से प्रभावित होकर वृंदावन आए थे. हालांकि इसके बाद घर वापस नहीं लौटे. इन मामलों के बीच पुलिस की जांच में हाथरस के 16 साल के अनुज और कासगंज के 16 साल के मयंक की बरामदगी हुई है. वहीं नोएडा से एक पिता भी अपनी 37 साल बेटी की तलाश में वृंदावन पहुंचे हैं. उनका कहना है कि बेटी घर से केली कुंज धाम जाने की बात कहकर निकली थी.
हाथरस का परिवार पहुंचा आश्रम
जानकारी के मुताबिक सबसे पहले हाथरस का एक परिवार केली कुंज धाम के बाहर पहुंचा था. परिजनों ने आरोप लगाया कि उनका 16 साल का बेटा अनुज 27 जून को वृंदावन आया था और यहां दीक्षा लेने के बाद घर वापस नहीं लौटा. कस दौरान परिवार ने धाम के बाहर प्रदर्शन भी किया था. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो शनिवार को अनुज बरसाना के लाडली दास आश्रम में मिला.
कासगंज के परिवार का भी आरोप
मामले की जांच में सामने आया कि अनुज पिछले करीब 15 दिनों से आश्रम में रह रहा था. बताया जा रहा है कि वह चोला पहनता था और अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने बाल भी कटवा लिए थे. पुलिस ने अनुज को बरामद करने के बाद उसके परिवार को सौंप दिया है. इसके बाद कासगंज का एक परिवार अपने 16 साल के बेटे मयंक उर्फ मनु की तलाश में केली कुंज धाम पहुंचा. परिवार का आरोप था कि मयंक सोशल मीडिया पर संत प्रेमानंद महाराज के वीडियो देखने के बाद प्रभावित हुआ और ट्रेन से मथुरा पहुंचा था. वृन्दावन आने के बाद वह घर वापस नहीं लौटा.
प्रयागराज में होने की जानकारी
पुलिस ने इस मामले की भी जांच करते हुए मयंक के प्रयागराज में होने की जानकारी जुटाई. पुलिस ने मयंक और उसके परिजनों की वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कराई और उसकी पहचान की पुष्टि की. अब पुलिस द्वारा मयंक को उसके परिवार को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है. आपको बता दें कि मयंक की बरामदगी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस उसे उसके परिजनों से वीडियो कॉल पर बात कराती दिखाई दे रही है.
महाराष्ट्र और नोएडा से भी लोग लापता
आपको बता दें कि इसी बीच महाराष्ट्र की एक महिला भी अपने बेटे की तलाश में केली कुंज धाम पहुंची. महिला ने आरोप लगाया कि पहले धाम में उसके बेटे की पहचान किए जाने की बात कही गई, लेकिन बाद में धाम की ओर से उसे अपना बेटा मानने से इनकार कर दिया गया. फिलहाल महिला के बेटे का पता नहीं चल पाया है. वहीं इसके अलावा नोएडा से एक पिता भी अपनी 37 वर्षीय बेटी की तलाश में वृंदावन पहुंचे हैं. उनका कहना है कि बेटी घर से वृंदावन स्थित केली कुंज धाम जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी.
