व्हाट्सऐप के यूजरनेम फीचर के विवाद को लेकर अब कंपनी के प्रवक्ता ने भारत सरकार के नोटिस का जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि यह फीचर अभी रोल आउट नहीं किया गया है, इसे साल के आखिरी में धीरे-धीरे लॉन्च किया जाएगा.

व्हाट्सऐप के नए फीचर पर विवाद
व्हाट्सऐप का एक फीचर विवाद से घिर गया है. बताया जा रहा है कि इस नए फीचर से फ्रॉड और स्कैम जैसे मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है, क्योंकि इसमें कोई भी व्यक्ति अपना यूजरनेम बदल सकता है. सरकार ने भी मेटा को इस नए यूजरनेम फीचर के रोलआउट को होल्ड करने के लिए कहा है. फीटर के होल्ड होने के बाद अब कंपनी ने भी जवाब दिया है.
कंपनी ने दिया जवाब
इस मामले में जवाब देते हुए कंपनी ने कहा कि मशहूर हस्तियों, सरकारी संस्थाओं और वेरिफाइड मेटा अकाउंट्स के नामों को रिजर्व रखा जाएगा. मनीकंट्रोल की रिपोर्ट में कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा है कि अभी तक यूजरनेम को इस्तेमाल करने की सुविधा शुरू नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि यह फीचर अभी लाइव नहीं हुआ है और इस फीचर को साल के आखिर में धीरे-धीरे लॉन्च किया जाएगा.
भारत सरकार ने दिया नोटिस
आपको बता दें कि भारत सरकार ने WhatsApp (Meta) को यूजरनेम फीचर के लॉन्च करने की योजना को लेकर नोटिस भेजा है, जिसके बाद कंपनी की तरफ से यह प्रतिक्रिया सामने आई है. इस फीचर को लेकर सरकार का कहना है कि इससे फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट स्कैम और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे मामले में बढ़ोतरी हो सकती है. सरकार ने Meta से कहा है कि नोटिस मिलने के 3 दिनों के अंदर इस फीचर के बारे में विस्तार से जानकारी दें.
फीचर न किया जाए रोल आउट
भारत सरकार ने मेटा को यह भी निर्देश दिया है कि जब तक इस मामले में बातचीत पूरी नहीं हो जाती है, जब तक यूजरनेम फीचर को रोल आउट न किया जाए. अब नोटिस मिलने के बाद कंपनी के प्रवक्ता ने जवाब देते हुए कहा है कि हमने लोगों के लिए व्हाट्सऐप पर अपनी पसंद से यूजरनेम रिजर्व करने का ऑप्शन घोषित किया है, लेकिन यूजरनेम इस्तेमाल करने की सुविधा को अभी शुरू नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि इसे साल के आखिर में धीरे रोल आउट किया जाए.
