IFS Petal Gehlot biography: UNGA में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ के झूठ पर भारतीय राजनयिक पेटल गहलोत ने कड़ा जवाब दिया. जानिए कौन हैं IFS अधिकारी पेटल गहलोत, जिन्होंने ओसामा बिन लादेन, कश्मीर और पाक सेना के वर्चस्व पर पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब किया.

IFS Petal Gehlot biography: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के झूठे दावों पर भारत ने बेहद कड़ा ऐतराज जताया है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की फर्स्ट सेक्रेटरी और IFS अधिकारी पेटल गहलोत ने ‘राइट ऑफ रिप्लाई’ का इस्तेमाल करते हुए शहबाज शरीफ के एक-एक झूठ की धज्जियां उड़ा दीं. शरीफ ने अपने संबोधन में जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया था और सिंधु जल संधि को लेकर भारत को युद्ध की धमकी दी थी. इसके जवाब में पेटल गहलोत ने मंच से ही पाकिस्तान की खोखली व्यवस्था और आतंकवाद को पूरी दुनिया के सामने बेनकाब कर दिया.
कश्मीर भारत का अंग था और रहेगा, पाक अपनी सेना की चिंता करे
भारतीय कूटनीतिज्ञ पेटल गहलोत ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से साफ शब्दों में दोहराया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा. इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के राजनीतिक ढांचे पर करारा तंज कसा. गहलोत ने कहा कि पाकिस्तान की सरकार ‘सेना की, सेना द्वारा और सेना के लिए’ काम करती है. वहां भले ही नेता बदलते रहते हों, लेकिन असली ताकत हमेशा सेना के हाथ में ही रहती है. उन्होंने यह भी उजागर किया कि कैसे पाकिस्तान की सरकार अपनी ही जनता से डरकर राजधानी में सुरक्षा घेरे बना रही है.
27वें संविधान संशोधन से सेना की गुलामी तक का सच
गहलोत ने अपने भाषण में पाकिस्तान के 27वें संविधान संशोधन का विशेष रूप से जिक्र किया. नवंबर 2025 में पास हुए इस संशोधन के जरिए सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को अभूतपूर्व अधिकार दिए गए और उन्हें ‘चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज’ बनाया गया. भारत ने दुनिया को दिखाया कि कैसे इस बदलाव के जरिए सैन्य जनरलों को जीवन भर के लिए कानूनी सुरक्षा दे दी गई है. इस संवैधानिक बदलाव का हवाला देकर पेटल गहलोत ने साबित कर दिया कि पाकिस्तान में लोकतंत्र सिर्फ नाम का है और असल हुकूमत केवल बंदूक के दम पर चलती है.
9/11 हमले की बरसी और एबटाबाद में छिपा ओसामा बिन लादेन
आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरते हुए भारत ने 9/11 हमलों की 25वीं बरसी का याद दिलाया. पेटल गहलोत ने पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान की पोल खोलते हुए कहा कि खूंखार आतंकी ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान के एबटाबाद में सुरक्षित छिपा हुआ था. एबटाबाद वही जगह है, जहां पाकिस्तान की सबसे बड़ी सैन्य अकादमी मौजूद है. इसके जरिए गहलोत ने स्पष्ट कर दिया कि पाकिस्तान न केवल आतंकियों को पनाह देता है, बल्कि उनकी सुरक्षा भी करता है. भारत ने चेतावनी दी कि अगर सीमा पार से आतंकवाद बंद नहीं हुआ तो इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे.
जानिए कौन हैं साहसी कूटनीतिज्ञ पेटल गहलोत
पेटल गहलोत भारतीय विदेश सेवा (IFS) की एक बेहद काबिल अधिकारी हैं. वह वर्तमान में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र स्थित भारत के स्थायी मिशन में फर्स्ट सेक्रेटरी के रूप में तैनात हैं. उन्होंने जुलाई 2023 में यह जिम्मेदारी संभाली थी. इससे पहले उन्होंने जून 2020 से जुलाई 2023 तक विदेश मंत्रालय के यूरोप वेस्ट डिवीजन में अंडर सेक्रेटरी के पद पर काम किया है. इसके अलावा, सितंबर 2024 से सितंबर 2025 के बीच वे संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष कार्यालय में एक अहम सलाहकार की भूमिका भी निभा चुकी हैं.
लेडी श्रीराम कॉलेज से UN तक का शानदार सफर
पेटल गहलोत की पढ़ाई-लिखाई बहुत ही शानदार रही है. उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध सेंट जेवियर्स कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस, सोशियोलॉजी और फ्रेंच लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन से पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स की डिग्री हासिल की. इतना ही नहीं, उन्होंने अमेरिका के मिडिलबरी इंस्टीट्यूट से अनुवाद और व्याख्या में भी पढ़ाई की है. यह लगातार दूसरा साल है जब पेटल गहलोत ने UNGA में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के भाषण के बाद भारत की मजबूत आवाज बनकर पूरी निडरता से अपना पक्ष रखा है.
