Lok Sabha seats expansion: संसद के विशेष सत्र में सरकार लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 तक करने, महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने और परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए तीन नए बिल पेश करेगी. अप्रैल में लाए गए पुराने बिल वापस लिए जाएंगे, जबकि 2029 के चुनाव से पहले इस बदलाव को लागू करने और दो-तिहाई बहुमत जुटाने पर सभी की नजरें टिकी हैं.

Lok Sabha seats expansion: लोकसभा में सांसदों की संख्या 543 से बढ़कर 850 तक पहुंच सकती है. लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की तैयारी भी है. देशभर में चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं भी नए सिरे से तय होंगी. सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार यह बड़ा कदम उठाने जा रही है. इसका असर आने वाले कई सालों तक देश की राजनीति और चुनावों पर दिख सकता है.
चुनावी नक्शे में बड़ा फेरबदल
यह मामला सिर्फ लोकसभा की सीटें बढ़ाने तक सीमित नहीं है. इसके लिए संविधान में बदलाव करना होगा और परिसीमन आयोग बनाना होगा. इससे लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के क्षेत्रों की सीमाएं फिर से तय होंगी. यानी देश के चुनावी नक्शे और लोगों के प्रतिनिधित्व का पूरा ढांचा बदल सकता है. सरकार का मानना है कि इससे सभी राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखते हुए महिलाओं को आगे आने का बड़ा मौका मिलेगा.
पुराने बिल वापस, तीन नए बिल आएंगे
लोकसभा सचिवालय की कार्यसूची के अनुसार सोमवार सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू होगी. सरकार 16 अप्रैल 2026 को पेश किए गए परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े दो पुराने बिल वापस लेगी. इसके बाद तीन नए बिल सदन में रखे जाएंगे. पहला बिल संविधान के 132वें संशोधन से जुड़ा है, जिसे कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पेश करेंगे. दूसरा बिल केंद्रशासित प्रदेशों के कानूनों में बदलाव के लिए है, जिसे गृह मंत्री अमित शाह लाएंगे. तीसरा बिल परिसीमन से जुड़ा है, जिसे भी अर्जुन राम मेघवाल ही पेश करेंगे.
चार दिन चलेगा खास सत्र
लोकसभा का यह विशेष सत्र चार दिन यानी 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा. वहीं राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को होगी. दूसरे बिल के जरिए केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े तीन पुराने कानूनों में बदलाव का प्रस्ताव है. इनमें 1963 का केंद्रशासित प्रदेश कानून, 1991 का दिल्ली कानून और 2019 का जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन कानून शामिल हैं. इन बदलावों का मकसद नई व्यवस्था के हिसाब से नियमों को दुरुस्त करना है.
2029 के चुनाव से पहले तैयारी
प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को 50 फीसदी बढ़ाकर करीब 815 तक किया जा सकता है. अधिकतम संख्या 850 रखने की बात है, जिसमें 815 सीटें राज्यों और 35 सीटें केंद्रशासित प्रदेशों की होंगी. राज्य विधानसभाओं की सीटें भी 50 फीसदी बढ़ाने की योजना है. सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करना है.
संख्या बल और डीएमके का रुख
अप्रैल में लाया गया पिछला संविधान संशोधन बिल लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाया था. ऐसे बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई समर्थन यानी 543 सदस्यों वाली लोकसभा में 360 सांसदों का साथ जरूरी होता है. सरकार को 370 सांसदों के समर्थन की उम्मीद है. इस बीच डीएमके को साथ लाने में सरकार को बड़ी कामयाबी मिली है. लोकसभा में डीएमके के 22 सांसद हैं. पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन ने कहा है कि उनके पास बिल के समर्थन के अलावा कोई रास्ता नहीं है, वरना तमिलनाडु को मिला संरक्षण खत्म हो सकता है.
