Lucknow fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर में झुग्गी-झोपड़ियों में बुधवार शाम को भीषण आग लगी है. इस घटना में 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर फटे और 50 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं.

लखनऊ में भीषण आग
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लगी है. जानकारी के मुताबिक लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम लगभग 5.30 बजे के आसपास आग की घटना हुई है. बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि एक के बाद एक करके 10 गैस सिलेंडर फट गए. इस घटना में 50 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं.
5 किमी दूर से दिखीं लपटें
विकासनगर इलाके में लगी आग की लपटें लगभग 5 किमी दूर से ही दिखाई दे रही थीं. इस घटना के चलते आसपास के लगभग 10 घरों को खाली कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. आग की घटना को देखते हुए इलाके में बिजली की सप्लाई को काट दिया गया, जिससे किसी तरह का बड़ा हादसा न हो सके.
रक्षा मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. आग से प्रभावित होने वाले परिवारों का कहना है कि उनका सभी सामान जल गया. स्थानीय लोगों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है. इस हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जिलाधिकारी से बात करके राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
सीएम और डिप्टी सीएम ने भी दिए निर्देश
घटना की सूचना मिलते की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत संज्ञान लेने और मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए. वहीं डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक मौके पर पहुंचे और सभी बचाव कार्यों का संज्ञान लिया. उन्होंने कहा कि सभी घायलों को हर तरह का संभव इलाज दिया जाएगा. आपको बता दें कि इस घटना में कई मवेशियों के घायल होने की खबर है. आग इतनी तेज थी कि उसपर काबू पाने के लिए 20 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगीं.
