उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पिता ने दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी. पिता अपनी बेटी के चाल-चलन से काफी परेशान था. जिसके कारण उसने बेटी को मौत के घाट उतार दिया.

पिता ने की बेटी की हत्या
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां होने वाली घटना ने रिश्तों को शर्मसार करके रख दिया है. लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर नाबालिग बेटी की हत्या कर दी. इतना ही नहीं गला घोंटकर हत्या करने के बाद व्यक्ति ने पहचान छिपाने के लिए बेटी के चेहरे पर तेजाब भी डाला.
चाल-चलन से परेशान था पिता
जानकारी के मुताबिक इस घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने बताया कि वह अपनी बेटी के चाल-चलन से काफी परेशान था. आरोपी पिता की पहचान विजय चौबे के रूप में हुई है. आरोपी फैजाबाद रोड पर मौजूद एक यूनिवर्सिटी में बस चलाता है. व्यक्ति ने बताया कि बेटी के कारण कई बार उसे किराए का मकान भी बदलना पड़ा था.
प्रेमी के साथ लापता हो गई थी बेटी
व्यक्ति ने बताया कि अगस्त 2025 में बेटी अपने प्रेमी के साथ कहीं चली गई थी. जिसके बाद वह पुलिस की मदद से बरामद हुई थी. बेटी के प्रेमी को पुलिस ने जेल भेज दिया था, जिसके बाद नवंबर 2025 में युवक जेल से बाहर आ गया था. वह जेल के बाहर आने के बाद भी बेटी के साथ रिश्ते में था. बेटी की हरकतों के कारण पिता और पूरे परिवार की काफी बदनामी होती थी. जिसके कारण पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी.
बेटी के लापता होने की दर्ज कराई थी शिकायत
DCP पूर्वी दीक्षा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 अप्रैल को विजय ने IGRS के जरिए अपनी 16 साल की बेटी वंदना चौबे के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी. मामले में जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल चेक की और संदिग्धों से पूछताछ की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ. पुलिस जांच में सामने आया कि पिता विजय ने अपने दोस्त अब्दुल मन्नान के साथ मिलकर बेटी का हत्या कर दी थी.
चेहरे पर फेंका था तेजाब
इस घटना के लिए व्यक्ति किराए की कार से बेटी को बाहर ले गया. जिसके बाद रास्ते में देर रात बाराबंकी के कुर्सी रोड पर सुनसान जगह पर कार के अंदर सो रही बेटी का गला घोंटा. जिससे उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने युवती के चेहरे पर तेजाब डाला और शव को शारदा नदी में फेंकने की कोशिश की. हालांकि सड़क पर आ रहे वाहन को देखकर वे घबरा गए और मौके से फरार हो गए. पिता ने बताया कि बेटी के व्यवहार के कारण काफी परेशान था और उसने समाज में बदनामी के कारण बेटी की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पिता और उसके दोस्त अब्दुल मन्नान को गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में बड़ा हादसा! उधमपुर जिले में अनियंत्रित होकर पलटी बस; 21 यात्रियों की मौत और 31 घायल
