हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला प्रोफेसर की कार सड़क पर खुले गड्ढे में गिर गई. इस घटना में महिला तो सुरक्षित है, लेकिन कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है. लोगों ने इस घटना को लेकर विभागों की लापरवाही को दोषी ठहराया है.

गुरुग्राम में गड्ढे में गिरी कार
हरियाणा के गुरुग्राम से सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है. गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक-1 में बड़ा हादसा होते-होते टला है. जानकारी के मुताबिक गलेरिया रोड पर महिला प्रोफेसर की कार सड़क के बीच में खोदे गए गड्ढे में गिर गई. बताया जा रहा है कि प्रोफेसर अपनी यूनिवर्सिटी से घर वापस लौट रही थी. इस घटना के बाद स्थानीय लोग इसे लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं.
यूनिवर्सिटी से घर लौट रही थीं प्रोफेसर
जानकारी के मुताबिक महिला सेक्टर-55 में मौजूद एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में HOD पद पर तैनात हैं. महिला सुशांत लोक-1 की रिजवुड एस्टेट की रहने वाली हैं, वह हर रोज की तरह यूनिवर्सिटी से वापस अपने घर पर लौट रही थीं, इसी दौरान उनकी कार सड़क पर मौजूद गड्ढे में जाकर गिर गई. जानकारी के मुताबिक यह गड्ढा कई महीनों से इसी तरह खुदा पड़ा हुआ था.
कार हुई बुरी तरह क्षतिग्रस्त
गड्ढे के पास न किसी तरह का बैरिकेड लगाया गया और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ही मदद करके महिला प्रोफेसर को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला. इस घटना में महिला की कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है. इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कुछ लोग कार को गड्ढे से बाहर निकालते दिख रहे हैं.
कई बार की जा चुकी है शिकायत
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस गड्ढे को लेकर कई बार विभागों को शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई. घटना के बाद पीड़ित प्रोफेसर महिला ने पुलिस, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) और नगर निगम को शिकायत देने की बात कही है. इस घटने का बाद फिर एक बार अधूरे निर्माण कार्यों और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
यह भी पढे़ं- शादी से लौट रही बच्ची रास्ते से गायब! आम के बगीचे में मिला शव; मंदिर-मस्जिद से कराई थी लापता होने की घोषणा
