हैदराबाद के नामपल्ली से एमजे मार्केट जाने वाले रास्ते पर पानी सप्लाई करने वाले एक डीसीएम वाहन के ड्राइवर को गाड़ी चलाते समय अचानक से दौरा पड़ गया. जिससे ट्रक आगे चल रही फॉर्च्यूनर कार से जा टकराया.

वाहन चलाते हुए चालक को पड़ा दौरा
तेलंगाना के हैदराबाद में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया है. जानकारी के मुताबिक पानी सप्लाई करने वाले एक डीसीएम वाहन के ड्राइवर को गाड़ी चलाते समय अचानक से दौरा पड़ गया. बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना नामपल्ली से एमजे मार्केट जाने वाले रास्ते पर हुई है. हालांकि जिस दौरान यह हादसा हुआ, उस समय रास्ते पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था.
फॉर्च्यूनर से टकराया वाहन
रास्ते पर ज्यादा ट्रैफिक न होने के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डीसीएम वाहन पानी की बोतलों को सप्लाई करने के लिए जा रहा था. इसी दौरान वाहन चला रहे ड्राइवर की अचानक से तबीयत बिगड़ी और उसे दौरा आ गया. जिसके बाद वाहन अनियंत्रित हो गया. वाहन के अनियंत्रित होने के बाद वह आगे चल रही एक फॉर्च्यूनर कार से टकरा गया.
लोगों ने ड्राइवर को निकाला बाहर
जब वाहन गाड़ी से टकराया तो सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ही स्थिति को संभाला. लोगों ने टक्कर के बाद वाहन के अंदर फंसे हुए ड्राइवर को बाहर निकाला और दूसरे चालक की मदद से डीसीएम वाहन को सड़क के किनारे खड़ा किया. स्थानीय लोगों ने तुरंत ही मदद करते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य किया और सड़क पर जाम लगने की स्थिति को बचाया.
किसी को नहीं आई गंभीर चोट
जानकारी के मुताबिक आगे जा रही फॉर्च्यूनर में एक परिवार सफर कर रहा था. हालांकि इस हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है. इस हादसे के बाद लोगों ने वाहन के मालिक के ऊपर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि अगर किसी ड्राइवर की तबीयत खराब है, तो उसे वाहन चलाने की जिम्मेदारी क्यों दी गई. लोगों ने इस मामले को लेकर प्रशासन से जांच की मांग की है.
यह भी पढ़ें- नाले से मिला था शव! परिवार ने किया अंतिम संस्कार; कुछ दिनों बाद जिंदा वापस लौटा शख्स
