बिहार के भागलपुर में आरोपी को पकड़ने गई पुलिस की टीम पर पथराव की घटना सामने आई है. आरोपियों के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की है.

भागलपुर में पुलिस पर पथराव
बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस की टीम पर पथराव हुआ है. जानकारी के मुताबिक भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस एक आरोपी को पकड़ने के लिए गई थी, इसी दौरान पुलिस के ऊपर पथराव हुआ है. वहीं आरोपी के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने जबरदस्ती घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ बुरी तरह से मारपीट की है, जिसके बाद यह घटना हुई है.
आरोपी को पकड़ने गई थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक पुलिस एक आरोपी को पकड़ने के लिए मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में पहुंची थी, लेकिन आरोपी के परिजनों ने घर का दरवाजा नहीं खोला. इसी दौरान पुलिस और परिजनों में कहासुनी हो गई. यह पूरी घटना शुक्रवार देर रात मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के भीमकित्ता गांव की है. पुलिस एक आरोपी को मारपीट के आरोप में गिरफ्तार करने के लिए गई थी. इसी दौरान टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया.
देर रात पहुंचे थे पुलिसकर्मी
इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में गांव के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान विकास यादव और समीर यादव के रूप में की गई है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के परिजनों ने पुलिस के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं. आरोपी विकास की पत्नी के मुताबिक देर रात पुलिसकर्मी भारी संख्या में उनके घर पर पहुंचे और दरवाजा खोलने के लिए कहा. जब परिजनों ने उसके कारण पूछा तो कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई.
महिलाओं और बच्चों से मारपीट का आरोप
जिसके बाद डर के कारण परिजनों ने दरवाजा नहीं खोला. विकास की पत्नी का आरोप है कि दरवाजा न खुलने के बाद पुलिस ने दरवाजे को तोड़ दिया और महिलाओं और बच्चों के साथ में मारपीट की. महिला के मुताबिक इस दौरान 2 महिलाएं और एक 7 साल की बच्ची घायल भी हुई है. परिजनों के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी तोड़ दिया और उसे अपने साथ ले गए. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जुटी हुई है.
यह भी पढे़ं- भारत दौरे पर अमेरिकी विदेश मंत्री! पीएम मोदी संग हुई हाई-लेवल बैठक; कई जरूरी मुद्दों पर बातचीत
