झारखंड के गुमला जिले में बार-बार शादी का रिश्ता टूटने से नाराज युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी. युवक ने लोहे की रॉड से अपने पिता पर हमला किया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

बेटे ने की पिता की हत्या
झारखंड के गुमला जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां शादी का रिश्ता बार-बार टूटने के कारण नाराज बेटे ने अपने पिता की बोरहमी से हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक शादी टूटने से नाराज युवक ने अपने पिता की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है और लोग इस हत्याकांड के बारे में बातें कर रहे हैं.
रिश्ते टूटने से तनाव में था युवक
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के लामदोन गांव की है. बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले मन्ना गोप की शादी तय होने के बाद कई बार टूट जा रही थी. रिश्तों के लगातार टूटने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था. जानकारी के मुताबिक युवक को यह शक हो गया था कि उसके पिता लखन गोप के कारण उसकी शादी का रिश्ता बार-बार टूट रहा है.
पिता-बेटे के बीच होता था विवाद
रिश्तों के टूटने की वजह से दोनों के बीच में अक्सर विवाद होता रहता था. घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इस दौरान विवाद काफी बढ़ गया और गुस्से में आकर युवक ने घर में रखी लोहे की रॉड से अपने पिता के ऊपर ताबड़तोड़ हमले कर दिए, जिससे व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं और उसे तुरंत ही सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और शब के कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस ने घटना के आरोपी बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है. गांव वालों का कहना है कि शादी के टूटने के कारण युवक तनाव में था. फिलहाल इस मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- घर में झगड़ों का दर्दनाक अंत! पत्नी से विवाद में व्यक्ति ने खुद को मारी गोली; पारिवारिक कलह में गई जान
