उत्तर प्रदेश के औरैया में शादी की तैयारियां होने वाले घर में गैस सिलेंडर में धमाका हो गया. जिसके बाद भीषण आग लग गई और उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में काफी नुकसान हुआ है.

गैस सिलेंडर में हुआ धमाका
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. औरैया के सदर कोतवाली की नारायणपुर कंजर बस्ती में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण जोरदार धमाके हुए हैं, जिनके बाह पूरा इलाका दहल गया है. बताया जा रहा है कि धमाका इतनी तेज था कि आसपास के लोग दहशत के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए. धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई.
शादी की हो रही थी तैयारियां
जानकारी के मुताबिक घर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा घर अपनी चपेट में ले लिया. अब इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. लोगों के मुताबिक घर के अंदर मौजूद शादी का सामान, जेवर, कपड़े, फर्नीचर और दूसरा घरेलू सामान पूरी तरह से जल गया है. पीड़ित परिवार के मुताबिक घर में शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं.
10 से 15 लाख का हुआ नुकसान
परिवार ने बताया कि घर के अंदर बड़ी मात्रा में कीमती सामान रखा हुआ था. शुरुआती आंकड़े के मुताबिक इस हादसे में लगभग 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है. आग लगने के बाद लोगों ने बाल्टियों और पाइप से आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग काफी तेजी के साथ फैलती चली गई. लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंची, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया.
समरसेबल की मदद से बुझाई आग
वहीं मामले को लेकर अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह का कहना है कि शाम के लगभग 7 बजकर 48 मिनट पर घटना की सूचना मिली थी, इस दौरान फायर टेंडर दूसरी घटना से वापस लौट रहे थे, जिन्हें फिर से तुरंत ही घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. हालांकि रास्ता काफी पतला था, जिससे गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच पाईं. जिसके बाद समरसेबर की मदद से आग के ऊपर काबू पाया गया. जानकारी के मुताबिक घटना में एक LPG सिलेंडर ब्लास्ट हुआ था, फिलहाल किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें- बार-बार टूट रहे थे शादी के रिश्ते! नाराज बेटे ने पिता पर बरसाई लोहे की रॉड; पीट-पीटकर कर दी हत्या
