हरियाणा के गुरुग्राम में 3 दिनों से लापता एक महिला का शव बुरी हालत में बरामद हुआ है. परिवार ने महिला के पति और उसके लिव-इन पार्टनर के ऊपर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

3 दिनों बाद मिला शव
हरियाणा के गुरुग्राम से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. गुरुग्राम के मानेसर में 3 दिनों से पता एक 22 साल की युवती का शव संदिग्ध हालत में एक किराए के कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ है. जानकारी के मुताबिक युवती का शव सड़ी-गली हालत में मिला है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने युवती के पति और उसके लिव-इन पार्टनर के ऊपर हत्या का आरोप लगाया है.
राजस्थान की रहने वाली थी महिला
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मृत महिला की पहचान राजस्थान के अलवर के उमरैन गींव की रहने वाली मधु के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि युवती की शादी इसी साल 19 फरवरी को मानेसर के रहने वाले अंकित भगत नाम के युवक से हुई थी. जानकारी के मुताबिक अंकित बेरोजगार था. 21 मई को मधु अचानक से लापता हुई थी.
महिला के परिवार के घर पहुंचे
मृत महिला के पिता ने बताया कि जिस दिन युवती लापता हुई उसी दिन दामाद और उसके परिजन उनके घर पहुंचे थे और कहा था कि मधु घर से कुछ जेवरों को लेकर चली गई है. जिसके बाद परिवार को इस बात पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसी दौरान अंकित अचानक से गायब हो गया. जांच के दौरान पड़ोसियों ने बताया कि 21 मई को मधु को उसके पति के साथ में स्कूटर पर जाते हुए देखा था.
किराए के कमरे से मिला शव
पुलिस ने अंकित का बैकग्राउंड निकाला, जिससे पता लग कि व्यक्ति ने 2 साल पहले मानेसर बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया था, जहां वह एक दूसरी महिला के साथ रहता था. इस दौरान पुलिस ने किराए के कमरे पर छापा मारा. पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो बदबू आ रही थी. इस दौरान बाथरूम से मधु का शव बरामद हुआ. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
यह भी पढे़ं- बरेली के जाम गांव में खूनी बवाल! छज्जा निकालने के विवाद में युवक की हत्या; 2 घायल
