उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर निकाह के महज 5 घंटे बाद ही दूल्हा और दुल्हन का तालाक हो गया. निकाह के दौरान हुए विवाद की वजह से निकाह के 5 घंटे बाद ही तलाक देने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया. मामला अभी के समय में लोगों के बीच में चर्चा का विषय बना हुआ है.
तौर तरीकों से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, तहसील फतेहपुर क्षेत्र में नालापार दक्षिणी मोहल्ले में रहने वाली युवती का निकाह जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के सद्दीपुर पट्टी निवासी जावेद के साथ में तय हुआ था. शुक्रवार के दिन में बारात फतेहपुर गई. सभी लोगों ने आदर सत्कार के साथ में उनका स्वागत किया, जिसके बाद में निकाह की सारी तैयारी कराई गई. इसी बीच निकाह के समय लड़के वालों की मेहर अदायगी के तौर तरीके पर लड़की पक्ष द्वारा आपत्ति जताई गई थी. दोनों पक्षों के बीच में कहासुनी भी हुई. इस बातचीत के समय में कुछ लोगों द्वारा गालीगलौज भी किया गया, जिसकी वजह से माहौल पूरी तरीके से खराब हो गया.
समझौता कराने की कोशिश फेल
दोनों पक्षों के बीच शांति के लिए चेयरमैन इरशाद अहमद कमर द्वारा प्रधान शमशेर को बुलाया गया. हालांकि, लड़की वाले तब तक पूरी तरीके से आग बबूला हो चुके थे. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ शराब पीकर मारपीट साथ ही बुलेट और मोटरसाईकिल की डिमांड की गई है. दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की गई. हालांकि, दुल्हन ने लड़के पक्ष की गतिविधियों को देख कर ससुराल जाने से मना कर दिया.
दुल्हन ने किया मना
दुल्हन के मना करने के बाद में दोनों पक्षों ने सहमति से निकाह को समाप्त करने का निर्णय किया. 5 घंटे बाद ही दोनों की तलाक की प्रक्रिया को शुरू किया गया. बिना दुल्हन के बारात को वापस जाना पड़ा. दोनों परिवारों में इस मामले के बाद से दुख का माहौल है. हालांकि, लड़की की इच्छा का सम्मान रखते हुए यह फैसला लिया गया है.
ये भी पढ़ें: गुना में गंदा पानी बना बच्चों में बीमारी की वजह? पेट दर्द, उल्टी और पीलिया से बीमार हुए 10 बच्चे
