हमें अपने घर में रखे सिलेंडर, चूल्हे और पाइप की जांच समय-समय पर कराते रहना चाहिए. कई बार लोग इन चीजों को तब तक प्राथमिकता नहीं देते है, जब तक उनके साथ कुछ हादसा नहीं हो जाता है. हालांकि, इनमें कई लोग होते हैं, जो घटना के होने से पहले दिक्कतों को पहचान तो लेते हैं, लेकिन किसी प्रोफेशनल को बुलाने की बजाए वह आस-पास में मौजूद किसी मैकेनिक को या खुद ही इन समस्याओं को ठीक करने में लग जाते हैं. ऐसा करके वह खुद के साथ-साथ अपने परिवार की जान को भी खतरे में डाल रहे होते हैं. ग्रेटर नोएडा से कुछ ऐसा ही एक मामला सामने आ रहा है, जहां एक ही परिवार के कई सदस्य सिलेंडर फटने की चपेट में आने से गंभीर तरीके से जख्मी हो गए है.
एस्कॉर्ट कॉलोनी के पास हुआ हादसा
यह मामला उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रेलवे रोड के पास बसे एस्कॉर्ट कॉलोनी का है. इस कॉलोनी के निवासी गंगा शरण अपने परिवार संग घर में थे. उनको और उनको परिवार को गैस की गंध आ रही थी, जिसके बाद उन्होंने वहां के पास के मैकेनिक सोनू को बुलाया. चूल्हे और गैस की जांच के दौरान ही वहां गैस के कारण अचानक से आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते वह पूरे कमरे में फैल गई, जिसके कारण घर में मौजूद गंगा शरण, बेटा वरुण, पत्नी मुनेश और मैकेनिक सोनू आग की चपेट में आ गए. आग इतनी भीषण थी कि वह सभी पूरी तरीके से उसमें झुलस गए. आसपास मौजूद लोगों ने वहां जाकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग इतनी तेज लगी थी कि उसके ऊपर काबू पाने में काफी ज्यादा समय लग गया.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही दादरी थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद घर में मौजूद सभी लोगों को इलाज के लिए वहां के नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया. हालांकि, सभी सदस्यों की हालात को गंभीर बताया गया है. डॉक्टरों ने चारों के शरीर में काफी गंभीर और गहरे जलने के निशान की जानकारी दी है. मुनेश औऱ मैकेनिक सोनू का इलाज अभी चल रहा है. इसके अलावा गंगा और वरुण की हालात को काफी नाजुक बताया जा रहा है. ऐसी घटनाएं आपके साथ न हो इसलिए पहले ही सतर्कता से कार्य करना चाहिए. वरना आपके और पूरे परिवार को ऐसी अनहोनी से गुजरना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: कोच्चि में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार टैक्सी ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, 62 साल के बुजुर्ग की मौत और एक घायल
