श्रीराम जन्मभूमि परिसर की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया जा रहा है. यहां तैनात पूर्व के कर्मियों की छुट्टी कर दी गई है. इस बदलाव में गोपाल राव के करीबी सोमेश को जोड़ा गया है.
अयोध्या: राम मंदिर परिसर के कंट्रोल रूम संचालन को लेकर बड़ा फेरबदल किया गया है. ट्रस्ट महासचिव का कार्यभार संभालने के बाद कृष्णमोहन ने सूचना आदान-प्रदान और समन्वय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई टीम का गठन किया है. इसके तहत पहले से तैनात कर्मियों को हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
सोमेश को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया
नई व्यवस्था में यात्री सुविधा केंद्र पर तैनात सोमेश को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है. वह अपने वर्तमान दायित्वों के साथ नई जिम्मेदारी भी निभाएंगे. बताया गया है कि अब सोमेश के संदेश के आधार पर संबंधित विभागों के कर्मचारी मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकेंगे.
कंट्रोल रूम में किसकी तैनाती
सोमेश समेत कुल सात स्थानों पर तैनात कर्मियों को कंट्रोल रूम की नई प्रणाली से जोड़ा गया है. इन कर्मियों के संदेश पर आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के कर्मचारियों को परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. कृष्णमोहन ने ट्रस्ट की ओर से कृष्णकुमार तिवारी और कृष्ण कुमार त्रिपाठी को कंट्रोल रूम में तैनात किया है. दोनों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है और कंट्रोल रूम के संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
इसके अलावा राम निवास मंदिर के भोजनालय प्रभारी आशीष अग्निहोत्री, तीर्थ क्षेत्र के प्रद्युम्न, ट्रस्ट के इंजीनियरिंग विभाग से जुड़े पवन कुमार, पीएफसी कार्यालय के संदीप तथा वर्तमान में दानराशि गणना के प्रभारी शोभनाथ मिश्र को भी कंट्रोल रूम व्यवस्था से जोड़ा गया है.
नई व्यवस्था के तहत ये सभी अधिकारी और कर्मचारी कृष्णकुमार तिवारी व कृष्ण कुमार त्रिपाठी को आवश्यक सूचनाएं और संदेश भेजेंगे. इसके आधार पर जरूरत के अनुसार संबंधित कर्मियों को परिसर में प्रवेश दिया जाएगा. इस बदलाव की जानकारी मंदिर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों, सहित एसपी सुरक्षा को भी दे दी गई है.
ये भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा एक्शन: यूपी में बदले गए कई जिलों के SDM, 182 अधिकारियों को सौंपी गई नई जिम्मेदारी
