दिल्ली जल बोर्ड (DJB) घोटाले के मामले में गिरफ्तार AAP नेता सत्येंद्र जैन बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया. इस दौरान उन्होंने अदालत में खुद दलीलें पेश की. जैन ने कहा कि मेरे पास 8 मंत्रालय थे.
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) घोटाला मामले में बुधवार को पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन समेत 6 आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया. मामले की सुनवाई के दौरान सत्येंद्र जैन ने कोर्ट में खुद ही अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) इसलिए बनाए जाते हैं जिससे बिना ट्रीट किया हुआ गंदा पानी यमुना में न जाए और नदी को साफ किया जा सके. यह सरकार का अहम चुनावी वादा था.
मेरे पास टेक्निकल जानकारी नहीं- जैन
इस दौरान जैन ने कहा कि नए STP बनाने में लगने वाले समय को देखते हुए फिलहाल में मौजूद प्लांट की क्षमता 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला किया गया. उन्होंने बताया कि भले ही उनके पास 8 मंत्रालय थे, लेकिन उनके पास टेक्निकल जानकारी नहीं थी और उन्हें अधिकारियों पर निर्भर रहना पड़ता था. जानकारी के मुताबिक शुरू में 1,546 करोड़ रुपए की लागत से 300 MGD का टारगेट रखा गया था और 5 करोड़ रुपए प्रति MGD की दर से चार पैकेज में टेंडर जारी किए गए थे. हालांकि, संबंधित फाइल उन तक कभी नहीं पहुंची. AAP नेता ने यह भी आरोप लगाया कि 7 अगस्त को उन्हें बुलाकर ऐसी टेक्निकल बातों पर सवाल पूछे गए जिनकी उन्हें जानकारी नहीं थी, क्योंकि मकसद उन्हें आरोपी नंबर 1 बनाना था.
6-7 महीने बाद निकला टेंडर
पेशी के दौरान सत्येंद्र जैन ने कहा कि 30 मई 2022 को मुझे हटा दिया गया था और मेरे पास कोई फाइल नहीं आई. मेरे प्रोफाइल छोड़ने के 6-7 महीने के बाद दिसंबर में टेंडर हुआ. ऐसे में वो गुनहगार कैसे हो गए. उन्होंने कहा कि 1546 करोड़ का टेंडर सही नहीं लग रहा था. लेकिन 1938 करोड़ का टेंडर सही लगा. मैं तो जेल में था और बिना किसी प्रभार के था.
सत्येंद्र जैन समेत 6 लोग गिरफ्तार
आपको बता दें कि दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने मंगलवार को सत्येंद्र जैन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था. इस मामले में बुधवार को कोर्ट की कार्यवाही हुई और जैन ने खुद दलीलें रखीं. इस मामले में जैन के अलावा गिरफ्तार किए गए लोगों में अंकित श्रीवास्तव (DJB में पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट), नागेंद्र यादव (AN एंटरप्राइजेज के मालिक), राजा कुमार कुर्रा (यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक) और पंकज वर्मा (सृजनहार के मालिक) शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली जल बोर्ड में STP बनाने में हुए घोटाले में ACB द्वारा गिरफ्तार आरोपी अंकित श्रीवास्तव की 2 दिनों की रिमांड और सतेन्द्र जैन समेत बाकी लोगों की 14 दिनों की न्यायिक हिरासत की मांग पर फैसला सुरक्षित रखा. कोर्ट ने कहा कि पहले अंकित श्रीवास्तव की पुलिस हिरासत और उसके बाद अन्य आरोपियों की न्यायिक हिरासत पर फैसला सुनाएगी.
