AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भारत की मौजूदा सालाना प्रति व्यक्ति आय पर सरकार को घेरा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि कैपिटा इनकम में भारत आज बांग्लादेश से भी पीछे हो गया है
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारत की मौजूदा प्रति व्यक्ति आय के डाटा को लेकर केद्र सरकार पर निशाना साधा है. केजरीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री इसलिए बनाया था कि वो भारत को दुनिया का सबसे अमीर देश बनाएंगे, लेकिन आज भारत की प्रति व्यक्ति आय बांग्लादेश से भी पीछे हो गई है. उन्होंने बताया कि आज भारत की प्रति व्यक्ति आय 2800 डॉलर है, जबकि बांग्लादेश की 2900 डॉलर है.
शुक्रवार को वीडियो जारी करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत, बांग्लादेश से भी ज्यादा गरीब देश घोषित हो गया है.
बांग्लादेश पीछे था हमसे
उन्होंने कहा कि भारत की सालाना पर कैपिटा इनकम 2800 डॉलर है, वहीं बांग्लादेश की 2900 डॉलर है. साल 2014 में जब मोदी प्रधानमंत्री बने थे, तब हमारी पर कैपिटा इनकम बांग्लादेश से बहुत ज्यादा थी. साल 2014 में हमारी पर कैपिटा इनकम 1600 डॉलर थी और बांग्लादेश की 1100 डॉलर थी, लेकिन आज बांग्लादेश हमसे आगे निकल गया है.
उन्होंने इस दौरान बताया कि स्विट्जरलैंड की पर कैपिटा इनकम 1,15,000 डॉलर है, वहीं सिंगापुर की 99,000 डॉलर और अमेरिका की 90,000 डॉलर है. उन्होंने कहा कि 2014 में लोगों को बड़ी उम्मीद थी हम अमेरिका को पीछे छोड़ेंगे. लेकिन हमें क्या पता था कि विश्व गुरु का सपना देखने के 12 साल बाद भारत, बांग्लादेश से भी ज्यादा गरीब हो जाएगा.
