तेलंगाना के विकाराबाद जिले में एक नर्स ने पहले अपने माता-पिता की हत्या की, जिसके बाद वह जेल चली गई. जेल से रिहा होने के बाद उसने एक हॉस्टल में आत्महत्या कर ली. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
तेलंगाना में विकाराबाद जिले से एक हौरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले के बंटवारम मंडल के याचारम गांव की रहने वाली सुरेखा नाम की एक नर्स ने संगारेड्डी जिला हेडक्वार्टर के एक प्राइवेट हॉस्टल में आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि इसी नर्स अपने प्रेमी के प्यार में अपने माता-पिता को जहर मिला हुआ इंजेक्शन देकर मार दिया था.
जमानत पर हुई थी रिहा
जानकारी के मुताबिक माता-पिता की हत्या के मामले में जेल की सजा काट चुकी सुरेखा हाल ही में जमानत पर रिहा हुई थी. सुरेखा जमानत के बाद से संगारेड्डी जिला हेडक्वार्टर के एक प्राइवेट हॉस्टल में रह रही थी. हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि सुरेखा ने आत्महत्या क्यों की, लेकिन जानकारी के मुताबिक जिस जहर के इंजेक्शन से नर्स ने अपने मां-बाप को मारा था, वही जहर का इंजेक्शन लगाकर उसने खुद भी जान दे दी.
पुलिस कर रही घटना की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद संगारेड्डी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. संगारेड्डी पुलिस ने परिवार को भी सुरेखा की आत्महत्या की सूचना दे दी है. घटना की जांच शुरू कर दी गई है. जांच की जा रही है कि उसकी आत्महत्या के असली कारण क्या हैं? जमानत पर जेल से रिहा होने के बाद उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी?
जनवरी में हुई थी गिरफ्तारी
आपको बता दें कि माता-पिता की हत्या के आरोप में हाल ही में जेल से रिहा हुई सुरेखा की आत्महत्या अब चर्चा का विषय बन गया है. बता दें कि विकाराबाद जिले में अपने माता-पिता की मौत के मामले में जनवरी 2026 में सुरेखा की गिरफ्तारी की गई थी. 24 जनवरी को विकाराबाद के बंटवारम मंडल के याचारम गांव में सुरेखा के माता-पिता दशरथ और लक्ष्मी मृत मिले थे.
