दिल्ली के जसोला गांव में एक 15 साल का छात्र खुले नाले में गिर गया, जिसके बाद वह लापता हो गया. बताया जा रहा है कि पतंग पकड़ने के दौरान वह फिसल गया था. इस हादसे के बाद पिछले 36 घंटे से लगातार उसकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा है.
दिल्ली के जसोला गांव इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक 15 साल का छात्र खुले नाले में गिर गया. मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि लगभग 36 घंटे की तलाशी के बाद भी छात्र शव अभी नहीं मिला है. जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है.
पतंग पकड़ते हुए फिसला छात्र
जानकारी के मुताबिक छात्र की पहचान मिथुन के रूप में की गई है. स्थानीय सरकारी स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ने वाला मिथुन अपने परिवार के साथ जसोला में ही रहता था. बताया जा रहा है कि किशोर पतंग पकड़ने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान वह गलती से फिसल गया. दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन नियंत्रण कक्ष को सुबह 11:54 बजे घटना की सूचना मिली. इसके बाद दो अग्निशमन गाड़ियों के साथ एक बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया. कई एजेंसियों को शामिल करते हुए एक खोज और बचाव अभियान शुरू किया
खोजबीन में NDRF की टीम भी शामिल
मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाले में पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण लड़के का पता नहीं चल सका है. राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को भी बचाव अभियान में शामिल किया गया है. टीम अपने सभी उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए लड़के को ढूंढने की पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला है. उन्होंने बताया कि शनिवार रात को अंधेरे होने के बाद ऑपरेशन रोक दिया गया था, जिसके बाद रविवार सुबह खोज और बचाव अभियान दोबारा शुरू किया गया.
पिता ने लगाए आरोप
मृत छात्र मिथुन के पिता के मुताबिक उनका परिवार लगभग 6 साल से जसोला में रह रहा है और उन्होंने नाले के आसपास सुरक्षा के उपायों की कमी पर सवाल उठाया. उन्होंने बताया कि नाला पूरी तरह खुला और बिना ढका है. यह लगभग 5 से 6 फीट गहरा है और पानी का बहाव बहुत तेज है. अगर उचित सुरक्षा उपाय होते तो हमारा बच्चा आज हमारे साथ होता. छात्र के लापता होने के बाद उसकी मां और परिजनों का बुरा हाल है.
पुलिस ने जुटाई जानकारी
घटना के बाद परिवार ने रेस्क्यू कर रही टीम से बच्चे को खोजने की गुहार लगाई है. परिवार और स्थानीय लोगों को मिथुन के सुरक्षित मिलने की आश है. पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई है. मिथुन के नाले में गिरने के हालात और चाव अभियान से जुड़े पहलुओं की भी जांच जारी है.
