बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है.
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी ने रविवार को लखनऊ में पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यकताओं को जीत का मंत्र दिया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला भी बोला. उन्होंने अखिलेश के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर भी सवाल उठाए.
जानकारी के मुताबिक लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरीश द्विवेदी कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा बनाई गई नई टीम में उत्तर प्रदेश को अहम प्रतिनिधित्व मिला है. इस दौरान हरीश द्विवेदी ने कहा कि BJP कार्यकर्ता आने वाली राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार हैं और संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए लगातार कोशिश की जाएगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरीश द्विवेदी के साथ BJP के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद थे.
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
बीजेपी नेता हरीश द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जनता अच्छी तरह जानती है कि समाजवादी पार्टी ने समाज के विभिन्न वर्गों के लिए क्या किया है. साल 2012 से साल 2017 के बीच उत्तर प्रदेश में रही सपा सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने वह दौर देखा है.
परिवारवाद को लेकर हमला
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर बताया. उन्होंने समाजवादी पार्टी को परिवारवादी राजनीति से चलने वाली पार्टी बताया और कहा कि पार्टी में एक ही परिवार का दबदबा है. उन्होंने दावा किया कि सपा के यादव समुदाय से पांच सांसद हैं और वे सभी एक ही परिवार से हैं.
PDA को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना
हरीश द्विवेदी ने अखिलेश यादव के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर भी सवाल उठाए. उन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद इस बात को लेकर कन्फ्यूज हैं कि असल में PDA क्या है. वहीं निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनसे बातचीत करेगा.
