वाराणसी के कश्मीरी गंज इलाके में लोगों का गुस्सा उच्च स्तर पर पहुंच गया. लोगों ने बारिश का पानी और सीवेज जमा होने की शिकायतें की, लेकिन समाधान नहीं हुआ. इसके बाद लोगों ने मौके पर पहुंचे विधायक के सामने मुर्दाबाद के नारे लगाए.
उत्तर प्रदेश में वाराणसी के अलग-अलग इलाके इन दिनों बारिश और सीवर का पानी जमा होने के कारण बेहाल है. इसको लेकर अब जनता का गुस्सा स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के ऊपर फूटने लगा है. आपको बता दें कि वाराणसी के कश्मीरी गंज इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दिख रहा है कि बारिश और सीवर का पानी जमा होने की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे विधायक को लोगों के गुस्सा का सामना करना पड़ा.
10 दिन से नहीं हुई सीवर की सफाई
जानकारी के मुताबिक विधायक के साथ ही लोगों ने जेई दीपक कुमार को भी बंधक बना लिया. विधायक के खिलाफ क्षेत्रीय लोगों ने जमकर नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगाए. इस दौरान लोगों ने बताया कि 10 दिन से सीवर का पानी ओवर फ्लो कर रहा है लेकिन कोई सुनवाई नही हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खोजवां इलाके में सीवर ओवरफ्लो की समस्या के कारण गंदा पानी गलियों के साथ सड़कों पर फैल रहा है. इससे लोगों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है. नागरिकों के मुताबिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि घरों से निकलना तक मुश्किल हो रहा है.
लोगों ने लगाए मुर्दाबाद के नारे
इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बारिश और सीवर का पानी जमा होने की वजह से लोग काफी आक्रोशित नजर आ रहे है. इस दौरान मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव के खिलाफ लोगों की नाराजगी भी देखी गई. बताया जा रहा है कि अधिकारी और विधायक के पहुँचते ही लोग मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे. स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई दिनों से यह समस्या बनी हुई है लेकिन इसके बाद भी इसकी सुध नहीं ली जा रही है.
काफी देर लोगों को समझाया
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे जलकल विभाग के अधिकारी को भी लोगों ने घेर लिया और कुछ घंटों के लिए बंधक बना लिया. स्थानीय नागरिकों का आरोप था कि लगातार शिकायतें करने के बाद भी सीवर की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है.अधिकारियों की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बावजूद लोगों का आक्रोश काफी देर तक शांत नहीं हुआ.बाद में विधायक और पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद जेई दीपक कुमार को नागरिकों ने मुक्त किया.
