वाराणसी में आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर जारी पास के कारण विवाद शुरू हो गया है. इसको लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने बीजेपी पर आरोप लगाएं हैं. उन्होंने कहा कि एयर शो में भीड़ इकट्ठा करने की ज़िम्मेदारी विधायकों के ऊपर है.
भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट से अस्सी घाट के बीच ‘विंग्स ओवर गंगेज’ थीम पर एक एयर शो का आयोजन किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश सरकार का अनुमान है कि इस एयर शो में 20 लाख से ज्यादा लोग पहुंच सकते हैं. हालांकि अब इस एयर शो के पास को लेकर विवाद हो गया है. दरअसल, इस एयर शो के पास एयर फोर्स की तरफ से नहीं बल्कि बीजेपी के जनप्रतिनिधियों की तरफ से जारी किए गए हैं.
जनप्रतिनिधियों ने जारी किया पास
अब इसको लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी एयर फोर्स के एयर शो को पार्टी का शो बना रही है और 23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी चुनाव को प्रभावित करना चाहती है. ये सरासर आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन है. अजय राय ने आरोप लगाया कि सभी जनप्रतिनिधियों ने पास जारी किया है, जिस पर उनकी तस्वीर लगी है और किस घाट से किस घाट तक वो शो दिखाने के लिए लोगों की भीड़ जुटाएंगे, ये भी पास पर लिखा हुआ है.
विधायकों पर भीड़ जुटाने की ज़िम्मेदारी
जानकारी के मुताबिक़ वाराणसी दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी ललिता घाट से प्रहलाद घाट तक भीड़ को इकट्ठा करेंगे. जबकि वाराणसी उत्तरी के विधायक रवीन्द्र जायसवाल राजघाट से प्रहलाद घाट तक लोगों की भीड़ जुटाएंगे. कैंट से बीजेपी विधायक सौरभ श्रीवास्तव को अस्सी से राजेंद्र प्रसाद घाट तक की भीड़ जुटानी होगी, जबकि रोहनिया विधायक सुनील पटेल अघोरेश्वर और डोमरी में भीड़ जुटाएंगे.
एयर फोर्स का कम बीजेपी का ज्यादा शो
आपको बता दे कि समाजवादी पार्टी के नेता और चंदौली से सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी इस एयर शो की तारीख और भीड़ जुटाने के तरीके पर सवाल खड़े किए हैं. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि सभी विधायक अपनी फोटो वाले पास जारी कर रहे हैं, भीड़ जुटाने के लिए सरकारी संसाधनों का दुरूपयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि क्या चुनाव आयोग को दिखाई नहीं दे रहा है. इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि यह शो एयर फोर्स का शो कम लग रहा है और बीजेपी का व मोदी जी का शो ज्यादा लग रहा है.
