Raj Thackeray Chhath Puja statement: मनसे प्रमुख राज ठाकरे द्वारा बीजेपी पर छठ पूजा के बहाने मुंबई में तनाव फैलाने और ‘सांस्कृतिक आक्रमण’ करने के आरोप के बाद महाराष्ट्र की राजनीति तेज हो गई है.

Raj Thackeray Chhath Puja statement: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर से छठ पूजा और ‘मराठी मानुष’ के मुद्दे पर सियासी पारा चढ़ गया है. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक लंबा पोस्ट लिखकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. राज ठाकरे के मुताबिक, बीजेपी जानबूझकर मुंबई और महाराष्ट्र में छठ पूजा के बहाने तनाव और विवाद पैदा करने की कोशिश कर रही है. उनके इस बयान के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं. एक तरफ शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम ने राज ठाकरे के रुख को बेहद आपत्तिजनक बताया है, तो वहीं शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने इस पूरे मामले पर एक अलग ही पक्ष रखा है.
छठ पूजा और यूपी चुनाव को लेकर राज ठाकरे के आरोप
राज ठाकरे ने अपनी पोस्ट में दावा किया है कि बीजेपी और उससे जुड़ा सोशल मीडिया इकोसिस्टम छठ पूजा की रील्स फैलाकर इसे एक ‘सांस्कृतिक आक्रमण’ की तरह पेश कर रहा है. मनसे प्रमुख का आरोप है कि मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की भी कोशिश की गई, जिसे उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तुरंत बंद करवा दिया. राज ठाकरे के अनुसार, यह सारी कवायद आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी अपने काम के दम पर चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए वह अलग-अलग समूहों के बीच टकराव कराती है.
‘बांटो और राज करो’ की नीति पर मनसे प्रमुख का हमला
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए राज ठाकरे ने बीजेपी की चुनावी रणनीतियों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनावों के दौरान हिंदू-मुस्लिम तनाव भड़काने की कोशिश होती है और राज्यों के चुनाव में जातिगत नफरत फैलाने का काम किया जाता है. ठाकरे ने पिछले साल हुए बीएमसी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कबूतरों को दाना खिलाने के मुद्दे पर ‘गुजराती बनाम मराठी’ का विवाद खड़ा किया गया था. मनसे प्रमुख ने मराठी समाज से अपील की है कि वे किसी के बिछाए जाल में न फंसें और छत्रपति शिवाजी महाराज की नीतियों को याद रखते हुए सही समय पर अपनी प्रतिक्रिया दें.
महाराष्ट्र के संसाधनों को बेचने का लगाया आरोप
राज ठाकरे ने अपने पोस्ट में राज्य के संसाधनों और उद्योगों को लेकर भी चिंता जताई है. उनका आरोप है कि केंद्र के इशारे पर महाराष्ट्र को टुकड़ों-टुकड़ों में एक खास उद्योगपति और उसके करीबियों को सौंपा जा रहा है. ठाकरे ने कहा कि सह्याद्रि पर्वत श्रृंखला, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके मावले रहते थे, वहां के जंगलों और जमीनों को भी खत्म किया जा रहा है. उन्होंने मराठी समुदाय को सचेत करते हुए कहा कि लोगों को किसी भी घटना को दो दिन में भूलने की आदत छोड़नी होगी और अपने आसपास हो रहे बदलावों के प्रति जागरूक रहना होगा.
संजय निरुपम का पलटवार, कहा- छठ पूजा पर ऐसा रुख आपत्तिजनक
राज ठाकरे के इस लंबे पोस्ट पर शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. निरुपम ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए तंज कसा कि राज ठाकरे की लंबी पोस्ट पढ़ने के बाद सबसे पहला सवाल यही उठता है कि आखिर वे कहना क्या चाहते हैं. संजय निरुपम ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के आयोजन का उत्तर प्रदेश के चुनावों से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि चुनाव तो आते-जाते रहेंगे, लेकिन छठ पर्व हजारों सालों से पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. निरुपम के मुताबिक, छठ पूजा को लेकर राज ठाकरे ने जो रुख अपनाया है, वह पूरी तरह से आपत्तिजनक है.
छठ पूजा के नाम पर राजनीति हो रही है: संजय राउत
दूसरी तरफ, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने इस विवाद पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कोई भी छठ पूजा का विरोध नहीं कर रहा है. राउत के अनुसार, मुंबई में हमेशा से ही छठ पूजा का आयोजन होता आया है और इसे लेकर कभी कोई दिक्कत नहीं रही. उन्होंने कहा कि असली विरोध इस बात का है कि कुछ लोग छठ पूजा की आड़ में राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं. रेलवे स्टेशनों पर हुए विवाद पर टिप्पणी करते हुए राउत ने कहा कि रेलवे का प्लेटफॉर्म यात्रियों के मार्गदर्शन और सुविधा के लिए होता है, न कि सियासी इस्तेमाल के लिए.
