Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर डीएमके सांसद कनिमोझी समेत अन्य नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. कनिमोझी ने साफ किया कि डीएमके निष्पक्ष परिसीमन के पक्ष में है और 1971 की जनगणना वाले नए प्रस्ताव से तमिलनाडु को 59 लोकसभा सीटें मिलेंगी, जबकि पुराने प्रस्ताव में सीटें 39 से घटकर 32 हो सकती थीं.

Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में जारी हलचल के बीच डीएमके (DMK) सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस बैठक में डीएमके की ओर से सांसद कनिमोझी अगुवाई कर रही थीं. उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ सांसद ए राजा, दयानिधि मारन और टीआर बालू भी मौजूद रहे. बैठक के बाद कनिमोझी ने मीडिया से बातचीत में परिसीमन बिल को लेकर अपनी पार्टी का रुख साफ किया और नए प्रस्ताव पर सहमति की वजह बताई.
निष्पक्ष परिसीमन पर कायम है पार्टी का रुख
गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद सांसद कनिमोझी ने कहा कि डीएमके ने परिसीमन को लेकर अपना पुराना रुख नहीं बदला है. उनके मुताबिक पार्टी कभी भी परिसीमन रोकने के पक्ष में नहीं रही है, बल्कि वह हमेशा से निष्पक्ष तरीके से सीटें तय करने की मांग करती आई है. कनिमोझी ने साफ किया कि डीएमके का मुख्य मकसद यही है कि नई व्यवस्था में तमिलनाडु को किसी भी तरह का राजनीतिक नुकसान न हो.
पुराने नुकसान को दोहराना नहीं चाहती डीएमके
कनिमोझी ने बताया कि इससे पहले पार्टी प्रमुख ने चेन्नई में परिसीमन के मुद्दे पर एक अहम बैठक की थी. उस बैठक में यह बात जोर देकर कही गई थी कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटें किसी भी हाल में कम नहीं होनी चाहिए. पुराने दौर को याद करते हुए कनिमोझी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हुए परिसीमन में तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 41 से घटकर 39 रह गई थीं. उन्होंने कहा कि डीएमके नहीं चाहती कि राज्य को एक बार फिर वैसा ही नुकसान झेलना पड़े.
पहले के प्रस्ताव में घट रही थीं सात सीटें
नए और पुराने प्रस्ताव का फर्क समझाते हुए कनिमोझी ने कहा कि डीएमके की मांग में जनगणना के आधार पर सीटें तय करने के साथ लोकसभा की कुल सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी करना भी शामिल था. उन्होंने बताया कि पहले जो बिल लाया गया था, उसमें 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करने की बात थी, लेकिन सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का कोई जिक्र नहीं था. उस स्थिति में तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से घटकर सीधे 32 पर आ सकती थीं.
1971 की जनगणना वाले फॉर्मूले से मिलेगा फायदा
कनिमोझी के अनुसार अब केंद्र सरकार ने 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों का बंटवारा करने पर अपनी सहमति दे दी है. इस नए फॉर्मूले के लागू होने पर तमिलनाडु के हिस्से में 59 लोकसभा सीटें आएंगी. उन्होंने आगे कहा कि साल 2026 में मौजूदा व्यवस्था की समयसीमा पूरी हो रही है और मौजूदा जरूरी हालातों को देखते हुए डीएमके ने इस नए प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला लिया है.
कांग्रेस के पुराने रुख का भी किया जिक्र
कांग्रेस पार्टी के रुख पर बात करते हुए कनिमोझी ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने भी डीएमके की बैठक में हिस्सा लिया था. उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस ने भी परिसीमन रोकने के बजाय निष्पक्ष परिसीमन की ही बात कही थी. इसके साथ ही कनिमोझी ने संसद में दिए गए कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल के बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी इजाफा करने की मांग उठाई थी. कनिमोझी ने दोहराया कि पार्टी की प्राथमिकता हमेशा से तमिलनाडु के हितों की रक्षा करना रही है.
