UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले करीब 7.5 फीसदी आबादी वाले कुर्मी समाज को साधने के लिए बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सीधी टक्कर तेज हो गई है. इस खबर में जानें कि कैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के पीडीए समीकरण ने सेंध लगाई, पंकज चौधरी और अपना दल का क्या रोल है, और करीब 50 सीटों पर असर डालने वाला यह समाज किस आधार पर अपना फैसला लेगा.

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय समीकरण हमेशा से सत्ता की दिशा तय करते रहे हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कुर्मी समाज को साधने के लिए बीजेपी से लेकर समाजवादी पार्टी तक पूरा जोर लगा रही हैं. खेती से जुड़ा यह समुदाय यूपी की चुनावी राजनीति में बड़ा ताकतवर बनकर उभरा है. राजनीतिक जानकारों राजीव रंजन, परमवीर सिंह और संदीप श्रीवास्तव से बातचीत के आधार पर समझते हैं कि 2027 में कुर्मी वोटों की यह जंग इतनी अहम क्यों है.
कुर्मी समाज की ताकत और अलग-अलग पहचान
यूपी में कुर्मी समाज की आबादी करीब 7 से 7.5 प्रतिशत मानी जाती है. 2001 की सामाजिक न्याय समिति ने यह आंकड़ा 7.46 फीसदी बताया था. करीब 25 करोड़ की आबादी वाले राज्य में यह संख्या पौने दो से दो करोड़ के बीच बैठती है. ओबीसी में यादवों के बाद कुर्मी सबसे बड़ा और असरदार समुदाय है. पूर्वांचल, अवध, तराई, रुहेलखंड और बुंदेलखंड तक इसका प्रभाव है. करीब 50 सीटों पर कुर्मी वोट जीत-हार तय कर सकते हैं. अवध-पूर्वांचल में पटेल, वर्मा, चौधरी और सैथवार, रुहेलखंड में गंगवार-वर्मा और कानपुर-बुंदेलखंड में सचान, कटियार, निरंजन व पटेल जैसे उपनाम चलते हैं. इसी विविधता के चलते यह समाज हमेशा एक ही झंडे के नीचे नहीं दिखता.
राजनीतिक सफर और सोनेलाल पटेल का असर
शुरुआती दौर में कुर्मी समाज का बड़ा हिस्सा कांग्रेस के साथ रहा. 1960-70 के दशक में पिछड़ों की हिस्सेदारी की मांग तेज हुई तो रामस्वरूप वर्मा ने अर्जक संघ के जरिए चेतना जगाई. राम पूजन पटेल ने भी आवाज बुलंद की. 1980 के दशक में कांशीराम के बहुजन आंदोलन ने पिछड़ों को मंच दिया. सपा में बेनी प्रसाद वर्मा और बीजेपी में ओम प्रकाश सिंह ने समाज को जोड़ा. 1994 की कुर्मी स्वाभिमान रैली और 4 नवंबर 1995 को अपना दल बनाकर डॉ. सोनेलाल पटेल ने समाज को अलग राजनीतिक पहचान दी.
बीजेपी का आधार और 2024 में सपा की सेंध
1990 के दशक से बीजेपी ने गैर यादव ओबीसी को जोड़ने की रणनीति बनाई. कल्याण सिंह के दौर के बाद स्वतंत्र देव सिंह, संतोष गंगवार, पंकज चौधरी और अनुप्रिया पटेल जैसे चेहरे आगे आए. अपना दल (एस) से गठबंधन भी हुआ. 2017 और 2022 में कुर्मी वोटों का बड़ा हिस्सा बीजेपी के साथ रहा. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के पीडीए नारे और टिकट बंटवारे ने तस्वीर बदली. सपा के 7, बीजेपी के 3 और अपना दल (एस) की 1 कुर्मी सांसद जीते. कुल 11 कुर्मी सांसद चुनकर आए. इससे साफ हुआ कि यह वोट बैंक किसी एक पार्टी से बंधा नहीं है.
विधायकों का हिसाब और पंकज चौधरी का दांव
यूपी विधानसभा में करीब 40 कुर्मी विधायक होने का अनुमान है. इनमें बीजेपी के 27, सपा के 12 और कांग्रेस के 1 विधायक हैं. योगी सरकार में स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, संजय गंगवार और आशीष पटेल मंत्री हैं. 2027 से पहले बीजेपी ने सात बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बड़ा दांव खेला. उधर अपना दल में बंटवारे के बाद अनुप्रिया पटेल एनडीए के साथ हैं, जबकि कृष्णा पटेल और पल्लवी पटेल अपना दल कमेरावादी के जरिए विपक्षी खेमे में सक्रिय हैं.
2027 में किसके पलड़े में जाएगा वोट
सपा के पास नरेश उत्तम पटेल, लालजी वर्मा, राम प्रसाद चौधरी, भागवत चरण गंगवार, उत्कर्ष वर्मा और राकेश वर्मा जैसे नेता हैं. 2024 की कामयाबी को विधानसभा चुनाव तक ले जाना सपा के लिए बड़ी चुनौती है. वहीं बीजेपी को संगठन, सरकार और गठबंधन का सहारा है. जानकारों के मुताबिक कुर्मी समाज को एकमुश्त वोट बैंक नहीं माना जा सकता. इलाके के नेता, टिकट बंटवारा, सम्मान, शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे मुद्दे 2027 में इस समाज का फैसला तय करेंगे.
