Two hindus murdered in bangladesh: बांग्लादेश में 24 घंटे में दो हिंदुओं की हत्या ने अल्पसंख्यक समुदाय में डर और तनाव बढ़ा दिया है. लोग प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं.

Two hindus murdered in bangladesh: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. बीते 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग जिलों में दो हिंदुओं की हत्या से हालात और गंभीर हो गए हैं. इन घटनाओं के बाद स्थानीय इलाकों में डर और गुस्से का माहौल है. अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. लोग प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.
ताजा मामला गाजीपुर जिले के कालिगंज इलाके का है. शनिवार सुबह करीब 11 बजे 60 वर्षीय हिंदू होटल व्यवसायी लिटन चंद्र घोष उर्फ काली की बेरहमी से हत्या कर दी गई. लिटन घोष इलाके में बोयीशाखी स्वीट एंड होटल नाम से होटल चलाते थे. बताया जा रहा है कि होटल में काम करने वाले कर्मचारी अनंत दास की एक ग्राहक से कहासुनी हो गई. बात धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई. इसी दौरान लिटन घोष अपने कर्मचारी को बचाने के लिए बीच में आए.
देखने वालों के मुताबिक हमलावरों ने लिटन घोष पर ही हमला कर दिया. उन पर घूंसे और लातों से वार किया गया. इसके बाद बेलचे से भी हमला किया गया. गंभीर चोट लगने के कारण लिटन घोष वहीं गिर पड़े. आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू की गई. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में इसे मामूली विवाद से शुरू हुई हिंसा बताया जा रहा है.
इससे एक दिन पहले भी एक और हिंदू युवक की जान चली गई थी. यह घटना राजबाड़ी जिले के सदर उपजिला की है. यहां 30 वर्षीय रिपन साहा की कथित तौर पर गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई. रिपन साहा गोलांदा मोड़ के पास स्थित करीम फिलिंग स्टेशन पर काम करते थे. एक वाहन चालक ने पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे देने से मना कर दिया. जब रिपन साहा ने उसे रोका, तो चालक ने जानबूझकर गाड़ी उनके ऊपर चढ़ा दी.

पुलिस ने इस घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को जब्त कर लिया है. वाहन के मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि वह बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जिला इकाई से जुड़ा रहा है. वाहन चालक कमाल हुसैन को भी हिरासत में लिया गया है. लगातार हो रही इन घटनाओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है. लोग निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं.
