गुरुग्राम पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में 2 नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक ये दोनों खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताकर कर्मचारियों से ठगी करते थे.
2 नाइजरियन नागरिक गिरफ्तार
हरियाणा के गुरुग्राम में साइबर ठगी के ऊपर पुलिस ने शिकंजा कसा है. पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में गुरुग्राम में 2 नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है. दोनों नागरिकों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस का कहना है कि इन दोनों ने खुद को किसी कंपनी का डायरेक्टर बताकर कर्मचारियों से लगभग 10 लाख रुपए की ठगी की है. जानकारी के मुताबिक इन दोनों ने वॉट्सऐप के जरिए भरोसा जीता था.
वॉट्सऐप की मदद से जीता भरोसा
पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में 2 नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि इन दोनों आरोपियों ने वॉट्सऐप की मदद से नकली पहचान बनाकर पहले कर्मचारियों का भरोसा जीता और बाद में उनसे पैसों को ट्रांसफर करवा लिया. रिपोर्ट के मुताबिक इस कार्रवाई को ईस्ट थाने की साइबर कार्रवाई टीम ने टेक्निकल एनालिसिस और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर किया है.
तत्काल ट्रांसफर का बनाते थे दबाव
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ओजो उयोसा और जेम्स के रूप में की गई है. इन दोनों को पुलिस ने 31 जनवरी को नाथूपुर गांव के इलाके से पकड़ा था. इस मामले की जांच करने पर पता चला कि दोनों आरोपी वॉट्सऐप पर कंपनी का डायरेक्टर बनकर कर्मचारियों से संपर्क करते थे और तत्काल
ट्रांसफर का दबाव बनाते थे. जिसके बाद कर्मचारी इनके झांसे में आकर पैसे भेज देते थे.
मामले की हो रही फॉरेंसिक जांच
पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 2 मोबाइल और 3 सिम भी बरामद किए हैं. इस मामले में अब फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है. पुलिस को पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों से लगभग 10 लाख रुपए की ठगी की है. जिस बैंक खाते में पैसे भेजे गए, उसके खिलाफ पहले से 2 साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है, जहां से 3 दिन के लिए उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
यह भी पढ़ें- धामी सरकार का बड़ा फैसला! उत्तराखंड मदरसा बोर्ड हमेशा के लिए खत्म, अब नया ‘शिक्षा प्राधिकरण’ तय करेगा पढ़ाई की दिशा
