Jaunpur 3 Sister Missing Case: सिर्फ दिल्ली ही नहीं यूपी में भी लोग रहस्यमयी तरीके से गायब हो रहे हैं. प्रदेश के ताजा मामले की बात करें तो जौनपुर का है, जहां तीन बहनें गायब हो गई हैं. बेटियों के गायब होने की खबर से गांव में हड़कंप मचा हुआ है. बताया जा रहा है कि सुरेरी क्षेत्र के कमरुद्दीनपुर गांव से तीन लड़कियां रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं हैं. जिसके चलते इलाके में सनसनी फैल गई है.
बहनें हस्यमय ढंग से गायब
खबर के मुताबिक जौनपुर के सुरेरी क्षेत्र के कमरुद्दीनपुर गांव रहने वाली दो सगी बहनें और उनकी एक चचेरी बहन आधार कार्ड की फोटो कॉपी कराने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटीं. परिजनों के अनुसार, 3 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे शिल्पी चौहान (19) और शिवांगी चौहान (18), पुत्रियां कृपा शंकर चौहान, अपनी 11 वर्षीय चचेरी बहन रिया चौहान पुत्री रवि शंकर चौहान के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थीं.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
तीनों लड़कियां बहुत देर हो गईं घर नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका. इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिवार ने सुरेरी थाने में सूचना दी, जिस पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
खोजबीन के बाद भी नहीं मिली युवतियां
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है. संभावित स्थानों पर तलाश जारी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द से जल्द तीनों किशोरियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
यूपी में अब तक कितने लोग लापता?
रिपोर्ट्स की मानें तो उत्तर प्रदेश में 2 साल के अंदर 1 लाख से ज्यादा लोग लापता हो चुके हैं, जिनका कोई सुराग अब तक नहीं लग पाया है. इस मामले पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है. गुमशुदा लोगों पर PIL दाखिल होगी. अब अगर दिल्ली की बात करें तो 1 जनवरी से 15 जनवरी तक देश की राजधानी में 800 लोगों के गायब होने की खबर है.
