पंजाब से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल, बरनाला जिले में गैस खरीदने की लाइन में खड़े हुए बुजुर्ग की हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई है. बुजुर्ग की पहचान गांव शैहना निवासी भूषण कुमार मित्तल (66) के रूप में की गई है. बुजुर्ग की मौत के बाद पूरा इलाका गम में डूब गया है.
लाइन में लगे होने के दोरान मौत
जानकारी के अनुसार भूषण कुमार सुबह 8 बजे से गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के बाहर लगी लाइन में लगे हुए थे. एजेंसी के बाहर काफी लंबी लाइन लगी हुई थी. वह लाइन में 25वें नंबर पर थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह वहां करीब दो घंटे से लाइन में लगे हुए थे. अपनी बारी का इंतजार करते समय अचानक ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी. वहां खड़े सभी लोगों को लगा कि ज्यादा देर खड़े होने की वजह से उनके साथ ऐसा हो रहा है. आसपास मौजूद सभी लोगों ने उन्हें संभालने की भी कोशिश की लेकिन कुछ ही देर में उनकी हार्ट अटैक आने के कारण मौत हो गई.
आसपास में मौजूद लोगों ने फिर परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद शव को परिवार वाले अस्पताल ले गए. शव की पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
राजनीतिक हलचल तेज
स्थानीय लोगों में भूषण कुमार की मौत के बाद आक्रोश का माहौल है. साथ ही नेता भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दिखाई दे रहे हैं. कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह धालीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. धालीवाल ने परिवार को उचित मुआवजा देने की बात की है. उन्होंने कहा कि मृत भूषण कुमार मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण किया करते थे. उनके परिवार को उचित मुआवजा मिलना चाहिए.
ये भी पढ़ें: बिहार: दो साल तक भतीजी के साथ किया दुष्कर्म… इंकार करने पर उठाया खौफनाक कदम
