महाराष्ट्र के ठाणे में सरकारी अस्पताल के ICU में भर्ती एक बुजुर्ग महिला को चूहे ने कुतर दिया. जिससे महिला की मौत हो गई. परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
अस्पताल में महिला को चूहे ने कुतरा
महाराष्ट्र के ठाणे से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. ठाणे के भाईदर में सरकारी अस्पताल में एक चौंकाने वाली घटना हुई है. अस्पताल के ICU में भर्ती एक बुजुर्ग महिला को चूहे ने कुतर दिया. जिसके बाद बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया है कि रविवार को आधी रात में ICU में एक चूहे ने बुजुर्ग महिला के हाथ को कुतर दिया.
वेंटिलेटर पर थी महिला
जानकारी के मुताबिक भाईदर पश्चिम में मौजूद भारतरत्न पंडित भीमसेन जोशी अस्पताल में 12 मार्च को 89 साल की सुहासिनी माठेकर नाम की महिला को भर्ती कराया गया था. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें चौथी मंजिल पर मौजूद ICU में वेंटिलेटर पर रखा गया था. सोमवार को सुबह लगभग 6 बजे जब परिवार के लोग महिला को देखने पहुंचे, तो महिला का हाथ चूहों ने कुतर दिया था और काफी खून बह चुका था.
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला का खून ज्यादा बह जाने के कारण दोपहर तक उसकी मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि रात के समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर या फिर नर्स को इस तरह की घटना की जानकारी कैसे नहीं हुई. वहीं इस मामले में डॉक्टर जफर तड़वी का कहना है कि अस्पताल के पीछे चल रहे कंस्ट्रक्शन के काम के कारण चूहे ज्यादा हो गए हैं.
2 लोगों को किया गया सस्पेंड
इस मामले में जानकारी देते हुए डॉक्टर ने बताया है कि 2 लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है. घटना के बाद अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर चिंता काफी बढ़ गई है. महिला के परिजनों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मां की है. फिलहाल इस मामले में लगाए जा रहे आरोपों पर अस्पताल के प्रशासन की ओर से किसी तरह का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला! किसी भी उम्र का बच्चा गोद लेने पर मिलेगा 12 हफ्ते का मातृत्व अवकाश
