उत्तर प्रदेश के झांसी में चोरी के आरोप में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया. जिनमें से एक आरोपी मेडिकल जांच के दौरान पुलिस कस्टडी से फरार हो गया. आरोपी ऑटो चालक की मदद से फरार हुआ है.
पुलिस कस्टडी से फरार हुआ आरोपी
उत्तर प्रदेश के झांसी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां मेडिकल जांच के दौरान जिला अस्पताल से एक आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया. जानकारी के मुताबिक शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार रात को नगरिया कुआं रोड पर मुठभेड़ के बाद चोरी के मामले में आरोपी नदीम और उसके साथी दीपक जाटव को गिरफ्तार किया था. जिसके बाद नदीम पुलिस कस्टडी से फरार हो गया.
मेडिकल परीक्षण के दौरान हुआ फरार
जानकारी के मुताबिक नदीम और दीपक जाटव को पुलिस ने रविवार रात को गिरफ्तार किया था. इन दोनों के पास से 6 लाख रुपए के जेवरात और हथियार बरामद हुए थे. जिसके बाद पुलिस ने सोमवार को सुबह इस कामयाबी का काफी प्रचार किया. जिसके बाद दोपहर में जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान 19 साल का नदीम पुलिस कस्टडी से फरार हो गया.
ऑटो चालक को दिया मां की बीमारी का बहाना
बताया जा रहा है कि नदीम दौड़ता हुआ अमित कुशवाहा नाम के ऑटो चालक के पास पहुंचा और उससे मां की गंभीर बीमारी का बहाना देकर दतिया गेट तक जाने को कहा. जिसके बाद ऑटो चालक ने आरोपी को बैठाया और 150 में पहुंचाने की बात कर ली. जिसके बाद रास्ते में आरोपी ने 50 रुपए देते हुए कह दिया कि मां की हालत ज्यादा खराब है और यहां से उसके पास जल्दी पहुंच जाएगा.
पुलिस कर रही फरार आरोपी की तलाश
ऑटो चालक ने बताया कि आरोपी के हाथ में हथकड़ी नहीं थी, जिससे उसे वह सामान्य सवारी की तरह लगा. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने पूरे शहर में सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी के फरार होने के बाद जिले की सीमाओं पर चेंकिंग बढ़ा दी गई है. पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें- ICU में बुजुर्ग महिला को चूहे ने कुतरा! मौत के बाद परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, मरीजों की सुरक्षा पर उठे सवाल
