Lucknow News: दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार ने केबिन क्रू पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है. इस घटना के बाद लखनऊ के सरोजिनी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.
क्या हैं पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, 16 मार्च 2026 को जस्टिस प्रशांत कुमार फ्लाइट संख्या AI-1720 से दिल्ली से लखनऊ की यात्रा कर रहे थे. उन्हें सीट नंबर 1A आवंटित थी. यात्रा के दौरान जब उन्हें भोजन परोसा गया, तो उसमें फंगस लगा हुआ पाया गया. जज ने तुरंत केबिन क्रू से शिकायत की.
शिकायत के बाद अभद्र व्यवहार
बदसलूकी करने का आरोप
आरोप है कि शिकायत का समाधान करने के बजाय केबिन क्रू के सदस्यों मनप्रीत और प्रीति ने जज के साथ अभद्र व्यवहार किया. इतना ही नहीं, एयरलाइन के कस्टमर सर्विस इंचार्ज सुफियान पर भी बदसलूकी करने का आरोप लगाया गया है. जज का कहना है कि उन्हें फंगस लगे भोजन को सबूत के तौर पर फ्लाइट से बाहर ले जाने से भी रोका गया.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अपनी शिकायत में जस्टिस प्रशांत कुमार ने कहा कि इस तरह का दूषित भोजन यात्रियों के सेहत के लिए बेहद खतरनाक है और यह एयरलाइन की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है. उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत करने पर इस तरह का व्यवहार पूरी तरह गैर-पेशेवर और यात्रियों के अधिकारों का उल्लंघन है.
इस मामले में सरोजिनी नगर थाने में एयर इंडिया के कर्मचारियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है . शिकायत में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए.
यह भी पढ़ें- ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ के बाद भारत पहुंचा ‘जग लाड़की’ जहाज, होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लाया कच्चा तेल
