संभल न्यूज : रमजान के अंतिम जुमे को अलविदा की नमाज शुक्रवार को अदा की जाएगी. शनिवार को ईद उल फितर मनाई जाएगी. इसके लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है. यूपी के संभल में इस बार ईद के मौके पर विवादित जामा मस्जिद को सजाने की अनुमति नहीं दी गई है. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और स्थानीय प्रशासन ने मस्जिद पर किसी भी तरह की सजावट और रंगाई-पुताई पर रोक लगा दी है. इस फैसले के बाद मस्जिद की इंतजामिया कमेटी में नाराजगी देखी जा रही है. पिछले वर्ष ASI की अनुमति से मस्जिद को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था और रंगाई-पुताई भी कराई गई थी. ऐसे में इस बार अचानक अनुमति न मिलने से स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल है.
प्रशासन से पुनर्विचार करने की मांग
जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी के सदर जफर अली ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि हर साल की तरह इस बार भी ईद पर सजावट की तैयारी थी, लेकिन अनुमति न मिलने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने प्रशासन से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग भी की है. वहीं, प्रशासन का कहना है कि मस्जिद के विवादित स्वरूप और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. अ
आखिरी जुम्मा पर प्रशासन अलर्ट
इसी बीच रमजान के आखिरी जुम्मे की नमाज को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. आज दोपहर 1:40 बजे विवादित जामा मस्जिद में आखिरी जुम्मे की नमाज अदा की जाएगी. इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.मस्जिद और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है ताकि शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके.
ये भी पढे़ं: ‘मिसाइलों की कोई कमी नहीं…’, ट्रंप-नेतन्याहू को ईरान का ताबड़तोड़ जवाब, लगातार तैयार हो रहा हथियारों का जखीरा- IRGC
