गोरखपुर: 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए यूपी में बिसात बिछनी शुरू हो गई है. बीजेपी के सहयोगी दलों ने अपने चुनाव अभियानों पर आगे बढ़ना शुरू कर दिया है. निषाद पार्टी 22 मार्च को गोरखपुर में बड़ी रैली कर चुनावी बिगुल फूंकने जा रही है. महाराजा गुह्यराज निषाद जयंती के अवसर पर पार्टी द्वारा गोरक्ष प्रांत का प्रांतीय अधिवेशन और विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम के जरिए मछुआ समाज को अनुसूचित जाति यानी SC में शामिल करने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा. इस बड़े आयोजन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
संजय निषाद करेंगे बाइक रैली को रवाना
निषाद पार्टी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम रविवार सुबह 11 बजे से शुरू होगा. इसकी शुरुआत पादरी बाजार स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय से होगी, जहां से उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए काली मंदिर और पैडलेगंज के रास्ते महंत दिग्विजयनाथ पार्क पहुंचेगी, जहां मुख्य सभा और प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मछुआ समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाना और संगठन को मजबूती देना है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है.
माना जा रहा है कि सीएम योगी के गृह जिले से रैलियों की औपचारिक शुरुआत के जरिए एक ओर जहां संजय, बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं तो वहीं निषाद समाज से जुड़े मुद्दे उठाकर वह गठबंधन में अपनी धमक जताते हुए कुछ अहम सीटों पर दावा ठोंक सकते हैं.
2022 में 10 सीटों पर लड़ा था चुनाव
वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव में निषाद पार्टी ने एनडीए गठबंधन में 10 सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह सीटों पर जीत हासिल की थी. इसके बाद से पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद लगातार अपने जनाधार और प्रभाव क्षेत्र के विस्तार की कोशिश में लगे हुए हैं.
