Iran announces reward missing us fighter pilot: ईरान ने दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में गिरे एक कथित अमेरिकी फाइटर पायलट को जिंदा पकड़ने वाले के लिए इनाम की घोषणा की है, जिससे इलाके में तनाव चरम पर पहुच गया है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में भी विमान के ईरान में गिरने की पुष्टि की बात कही जा रही है, हालांकि अभी तक पेंटागन ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.

Iran announces reward missing us fighter pilot: पश्चिम एशिया में पिछले करीब एक महीने से तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. Iran, Israel और United States के बीच हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. दोनों पक्षों के बीच हमले और जवाबी कार्रवाई जारी है. इसी बीच एक नई खबर ने माहौल को और गर्म कर दिया है. पहले दावा किया गया कि एक अमेरिकी फाइटर पायलट को पकड़ लिया गया है. लेकिन अब ईरान की ओर से लोगों को इनाम का ऑफर दिया गया है. कहा गया है कि अगर कोई उस पायलट को जिंदा ढूंढकर पुलिस को सौंपता है तो उसे बड़ा इनाम मिलेगा.
ईरान के सरकारी टीवी से जुड़े एक स्थानीय चैनल ने शुक्रवार को यह दावा किया. चैनल के मुताबिक एक अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट ने विमान से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की. बताया गया कि वह दक्षिण-पश्चिमी ईरान के इलाके में गिरा है. इससे पहले ईरान की ओर से कहा गया था कि पायलट को पकड़ लिया गया है. लेकिन बाद में यह घोषणा कर दी गई कि जो भी उसे जिंदा पकड़कर अधिकारियों के हवाले करेगा, उसे इनाम दिया जाएगा. इस घोषणा से मामला और ज्यादा रहस्यमय हो गया है.
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद कई सवाल उठने लगे हैं. अगर सच में कोई अमेरिकी पायलट ईरान की जमीन पर गिरा है, तो यह घटना बहुत बड़ी बन सकती है. अभी दोनों देशों के बीच पहले से ही तनाव चरम पर है. ऐसे में अगर किसी पायलट को पकड़ लिया जाता है तो इसका इस्तेमाल राजनीतिक और सैन्य दबाव बनाने के लिए किया जा सकता है. कई विशेषज्ञ मानते हैं कि इस तरह की स्थिति जंग को और ज्यादा खतरनाक बना सकती है.
अमेरिका की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. न ही Pentagon और न ही White House ने इस दावे की पुष्टि की है. इसी बीच सोशल मीडिया पर Islamic Republic of Iran Broadcasting यानी IRIB की एक पोस्ट भी सामने आई है. इसमें एक नक्शा दिखाया गया है और दावा किया गया है कि उसी इलाके में पायलटों की तलाश की जा रही है. कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि दो पायलटों की खोज चल रही है.
वहीं अमेरिकी अखबार The Wall Street Journal ने भी इस मामले पर एक रिपोर्ट प्रकाशित की है. रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिका का एक फाइटर जेट ईरान के अंदर गिरा है. इसके बाद वहां उसके क्रू की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. अगर यह बात सही साबित होती है तो यह इस पूरे संघर्ष का बड़ा मोड़ हो सकता है. क्योंकि पहली बार ऐसा होगा जब अमेरिका का कोई लड़ाकू विमान सीधे ईरान की जमीन पर गिरा हो. फिलहाल दुनिया की नजर इस मामले के अगले अपडेट पर टिकी हुई है.
