उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से ATS ने ISI से जुड़े हुए 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. ये सभी लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास में रेलवे के सिग्नल बॉक्स को उड़ाने वाले थे.
ISI से जुड़े आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से UP ATS ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हुए 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक ये सभी लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास में रेलवे के सिग्नल बॉक्स को उड़ाने वाले थे. जिसके बाद इन सभी संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है. शुरुआती जांच में ATS के हाथ कई सुराग लगे हैं.
मेरठ का रहने वाला है मुख्य आरोपी
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में मेरठ निवासी साकिब उर्फ डेविल ISI हैंडलर्स के साथ सीधा संपर्क में था. साकिब को पाकिस्तान में बैठा ISI हैंडलर पूरी तरह से सीधे फंडिंग करता था. मामले में यह भी दावा किया जा रहा है कि साकिब के जरिए ही बाकी के 3 सदस्यों को भी पाकिस्तान से फंडिंग की जाती थी. फिलहाल इन चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
कई जगहों के फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेजे
ATS ने दावा किया है कि इन आरोपियों ने लखनऊ, गाजियाबाद और मेरठ के कई प्रतिष्ठानों और गाड़ियों के शोरूम के फोटो-वीडियो को पाकिस्तान भेजे हैं. आरोपी गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक और गाड़ियों के शोरूम में आगजनी का प्लान भी बना रहे थे. बताया जा रहा है कि पाकिस्तान में बैठा ISI हैंडलर गूगल लोकेशन की स्क्रीन रिकॉर्डिंग करके साकिब को भेजता था और उन लोकेशन की फोटो वीडियो पाकिस्तान भेजी जाती थीं.
रेलवे सिग्नल बॉक्स को उड़ाने का प्लान
आरोपी रेलवे सिग्नल बॉक्स को जलाकर ट्रेन ट्रैफिक को बाधित करके एक्सीडेंट का प्लान बना रहे थे. जानकारी के मुताबिक साकिब के कारण ही बाकी के आरोपी ISI हैंडलर के साथ संपर्क में आए थे. फिलहाल सभी आरोपियों को ATS रिमांड पर लेगी. इनके रिमांड को लेकर स्पेशल कोर्ट में आज सुनवाई है. इन सभी आरोपियों को यूपी एटीएस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया है.
यह भी पढ़ें- हनुमान जयंती की शोभायात्रा में मातम! मुंह में पेट्रोल भर करतब दिखा रही थी कलाकार; आग से झुलसी महिला
