UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में एक्टिव हुए शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने करवट ली है. मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अलीगढ़ और आगरा समेत 11 जिलों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है. जानिए आपके शहर में आज मौसम कैसा रहने वाला है? मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 2 दिनों तक प्रदेश में यही स्थिति बनी रहेगी, जिससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. राजधानी लखनऊ समेत बाराबंकी, हरदोई और उन्नाव में भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
24 से 48 घंटे प्रदेश के लिए बेहद भारी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 से 48 घंटे प्रदेश के लिए बेहद भारी रहने वाले हैं. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आज धूल भरी आंधी, मूसलाधार बारिश और ओले गिरने की प्रबल संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. अभी हाल के दिनों में धूल भरी आंधी और बादल देखे गए हैं, जो अब बारिश में बदल सकते हैं.
आज कैसा है यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है. मौसम विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 की सुबह से अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से पश्चिमी यूपी के जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, जहाँ तेज हवाओं के साथ बड़े ओले गिर सकते हैं.
यहां ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह से अगले दिन सुबह तक इन जिलों को चिह्नित किया है, वहां ओलावृष्टि की संभावना सबसे अधिक है. ये जिले हैं, बिजनौर, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मथुरा, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद, शामली एवं आसपास के इलाकों में.
इन जिलों में बारिश की संभावना
जिन जिलों में बारिश हो सकती है वो हैं, अलीगढ़, अमरोहा, बदायूं, बरेली, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर,कासगंज, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, गाजियाबाद,गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, मथुरा, हाथरस, सहारनपुर, आगरा, एटा,फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, संभल, शाहजहांपुर, शामली, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाके.
किसानों की बढ़ी चिंता
अप्रैल के महीने में होने वाली यह ओलावृष्टि फसलों के लिए काल साबित हो सकती है. खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी गेहूं व अन्य रबी की फसलों को इससे भारी नुकसान होने की आशंका है. इटावा, कन्नौज, उरई, महोबा, हमीरपुर और औरैया जैसे जिलों में हुई ओलावृष्टि ने गेहूं, सरसों और आम की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि यदि फसल कट चुकी है, तो उसे सुरक्षित स्थानों पर ढक कर रखें. प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें
पश्चिमी विक्षोभ का एक नया दौर
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का एक नया दौर वेस्ट यूपी से प्रवेश कर रहा है, जिसका असर पूरे प्रदेश में फैलेगा. अगले दो से तीन दिनों यानी बुधवार तक यूपी के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर आंधी-पानी का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में मौसम का यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है. इसका असर सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिखाई देगा और धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैलेगा. विशेषज्ञों का अनुमान है कि अप्रैल महीने के दौरान ऐसा ही मौसम बना रह सकता है.
