UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच मौसम अब बड़ा करवट लेने वाला है. लोगों को जहां गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं कई इलाकों में खराब मौसम परेशानी भी बढ़ा सकता है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने 8 अप्रैल 2026 की सुबह से अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में तीव्र ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक, इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
इन जिलों में गिरेंगे ओले
जिन जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है, उनमें बांदा, फतेहपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी,गौतम बुद्ध नगर,अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, इटावा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाके शामिल हैं.
मूसलाधार बारिश और वज्रपात की चेतावनी
प्रदेश के लगभग हर कोने मुरादाबाद से लेकर संभल और रामपुर से लेकर अमरोहा तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने कहा है कि सहारनपुर, शामली, मेरठ, अयोध्या, और सुल्तानपुर सहित दर्जनों जिलों में बिजली गिरने (Lightning) की घटनाएं हो सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों के कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना बहुत ज्यादा है. मौसम को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
तापमान में बड़ी राहत
महीने की शुरुआत से ही तप रहे उत्तर प्रदेश को इस मौसमी बदलाव से गर्मी में बड़ी राहत मिलने जा रही है. ऐसा अनुमान है कि 8 अप्रैल को होने वाली इस हलचल के चलते दिन के अधिकतम तापमान में 3°C से 5°C तक की भारी गिरावट आएगी.
किसानों की बढ़ी चिंता
अप्रैल के महीने में होने वाली यह ओलावृष्टि फसलों के लिए काल साबित हो सकती है. खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी गेहूं व अन्य रबी की फसलों को इससे भारी नुकसान होने की आशंका है. इटावा, कन्नौज, उरई, महोबा, हमीरपुर और औरैया जैसे जिलों में हुई ओलावृष्टि ने गेहूं, सरसों और आम की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि यदि फसल कट चुकी है, तो उसे सुरक्षित स्थानों पर ढक कर रखें.
यह भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा में घुसपैठ का असली सच! आतंकी साजिश या कुछ और? आरोपी सरबजीत के खुलासे ने पुलिस को भी चौंकाया
