Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली है. आज यानी 8 अप्रैल को देहरादून समेत कई जिलों में ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान मेघ गर्जन के साथ मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी. इस दौरान कई पर्वतीय स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है. इन मौसमी गतिविधियों के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी रहेगी. हालांकि, मैदानी हिस्सों पर शुष्क मौसम का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड के सभी जिलों में देर रात से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. पहले तापमान 30 डिग्री के पार था, अब वो 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, यहां कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है.आईएमडी ने आज से अगले तीन दिन पूरे प्रदेश में बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही अलग-अलग इलाकों में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी रखने की अपील की है.
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज भी बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, औली, गौरसों और चोपता जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को बारिश के बाद हल्की बर्फबारी दर्ज की गई.केदारनाथ धाम में अभी भी करीब 4 फीट बर्फ जमी हुई है, जिससे वहां ठंड का असर बरकरार है. ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है और सर्दी एक बार फिर लौट आई है.
आने वाले दिन में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 10 अप्रैल तक मौसम का यही मिजाज बना रहेगा. पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा.
यह भी पढ़ें- UP Rain Alert: आज यूपी में बरसेगी ‘आसमानी आफत’! मुरादाबाद-रामपुर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी
