Thane slum fire: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक झुग्गी-बस्ती में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतक इतनी बुरी तरह से जले हैं कि शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है.

ठाणे की झुग्गी-बस्ती में लगी आग
महाराष्ट्र के ठाणे से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. ठाणे जिले के एक झुग्गी-बस्ती में भीषण आग लग गई. इस आग के कारण यहां 3 लोगों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक आग लगने के कारण यहां कई LPG गैस सिलेंडर भी फट गए. इस मामले की जानकारी नगर निगम के एक अधिकारी ने शनिवार को देते हुए बताया कि ठाणे में एक झुग्गी-बस्ती में भीषण आग लगी है.
शुक्रवार रात लगी थी आग
आपको बता दें कि मीरा भायंदर वगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया है कि शुक्रवार को रात लगभग 8.30 बजे के आसपास मीरा भायंदर के नवघर इलाके में मौजूद इंद्रलोक झुग्गी-बस्ती में भीषण आग लगी. बताया जा रहा है कि आग इतनी भयंकर थी कि उसकी लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं. यह आग तेजी से फैली और घास और कपड़ों से बने अस्थायी झोपड़ियों की पूरी बस्ती में फैल गई.
30-35 झोपड़ियां जलकर खाक
जानकारी के मुताबिक इस पूरी घटना में लगभग 30 से 35 झोपड़ियां जलकर खाक हो गई हैं. इस दौरान कई गैस सिलेंडर भी फटे हैं. इस हादसे में 3 लोगों की मौत भी हुई है. अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके से लगभग 24 गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला है. इन सिलेंडरों में कुछ सिलेंडर भरे हुए थे और कुछ खाली थे.
3 लोग बुरी तरह से जिंदा जले
आग इतनी भीषण थी कि उसके ऊपर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मियों को लगभग 1 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. जानकारी के मुताबिक जब तक आग के ऊपर काबू पाया गया, तब तक 3 लोग बुरी तरह से जल चुके थे. मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है. तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है. आग लगने की पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए लगातार जांच हो रही है.
