Prayagraj gold loan scam: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कुछ ठगों ने बैंक को ही ठग लिया. आरोपियों ने बैंक में नकली सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन को पास करवा लिया. जिसके बाद दोबारा जांच में यह मामला सामने आया है.

बैंक में गिरवी रखा नकली सोना
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. प्रयागराज के सिविल लाइंस में मौजूद एक प्राइवेट बैंक शाखा में गोल्ड लोन के नाम पर बड़ा घोटाला हुआ है. इस घोटाले ने बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के मुताबिक यहां ठगों ने शातिर दिमाग लगाकर नकली सोना गिरवी रख दिया और असली गोल्ड लोन को पास करवा लिया.
16 नामजद लोगों के खिलाफ FIR
यहां ठगों ने बैंक को लाखों रुपयों का चूना लगाया है. इस पूरे मामले में बैंक के सहायक महाप्रबंधक की तहरीर के आधार पर सिविल लाइंस थाने में 16 नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. जानकारी के मुताबिक यहां कुल 18 गोल्ड लोन अकाउंट्स में धोखाधड़ी की गई है. इन अकाउंट्स के जरिए ठगों ने बैंक से लगभग 57 लाख 19 हजार 800 रुपए का लोन लिया था.
गोल्ज अप्रेजर के बाद पास हुआ लोन
ठगों द्वारा ली गई रकम अब ब्याज सहित लगभग 64 लाख रुपए हो गई है. आरोपियों ने बैंक में गोल्ड लोन लेने के लिए नकली सोने को गिरवी रखा जिसके बाद गोल्ड अप्रेजर की रिपोर्ट के आधार पर लोन को पास भी करवा लिया. आपको बता दें कि आमतौर पर बैंक अप्रेजर यानी सोने की जांच की रिपोर्ट के बाद ही गोल्ड लोन को मंजूरी देता है. इसी रिपोर्ट का फायदा उठाकर ठगों ने बैंक को ही ठग लिया.
दोबारा जांच में सामने आया मामला
यह पूरा मामला तब सामने आया, जब बैंक में गिरवी रखे गए सोने की दोबारा नियमित प्रक्रिया के तहत जांच कराई गई. जांच के दौरान पता लगा कि गिरवी रखा गया सोना नकली है. जिसके बाद बैंक में हड़कंप मच गया. जांच में सामने आया कि इस घोटाले में गोल्ड अप्रेजर की भूमिका भी थी. इस मामले में जुलाई 2025 में ही शिकायत दी गई थी, लेकिन जांच करने के बाद 10 अप्रैल 2026 को सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें- कभी पेंटर, तो कभी मिस्त्री! 35 सालों बाद गिरफ्तार हुआ आरोपी; साल 1991 से काट रहा था फरारी
