Akhilesh yadav statement on trump tariff deal: अखिलेश यादव ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान 11 विमानों के गिरने का दावा करते हुए केंद्र सरकार पर तथ्यों को छिपाने का आरोप लगाया है. उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप और टैरिफ समझौते का जिक्र करते हुए इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की है.

Akhilesh yadav statement on trump tariff deal: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान देश के 11 हवाई जहाज गिरने की बात सामने आई थी. अखिलेश यादव का आरोप है कि सरकार इस पूरे मामले पर साफ़-साफ़ जानकारी नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि इतना बड़ा घटनाक्रम होने के बावजूद देश को सच्चाई से दूर रखा गया. उनका कहना है कि ऐसे मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी होती है. लेकिन यहां चुप्पी साध ली गई है.
अखिलेश यादव ने अपने बयान में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी नाम लिया. उन्होंने कहा कि ट्रंप ने खुद 11 हवाई जहाज गिरने की बात कही थी. अखिलेश के मुताबिक इसके बाद टैरिफ समझौता हुआ और फिर इस मुद्दे पर बोलने वालों के मुंह पर ताला लग गया. उन्होंने आरोप लगाया कि समझौते के बाद इस पूरे विषय पर जैसे “सील” लगा दी गई. अब कोई सवाल नहीं पूछ सकता. न ही कोई जवाब देता है.
सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार की यह चुप्पी कई सवाल खड़े करती है. उन्होंने उदाहरण देते हुए एपस्टीन फाइल का जिक्र किया. अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया भर में कई दबे हुए सच अब सामने आ रहे हैं. इससे कई ताकतवर लोग घबराए हुए हैं. उनका कहना है कि जब इतने बड़े स्तर पर हवाई जहाज गिरे. तब डील के बाद अचानक सब शांत हो जाना संदेह पैदा करता है. उन्होंने दोहराया कि जनता को सच जानने का अधिकार है.
इस दौरान अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर भी खुलकर बात की. उन्होंने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा कमजोर और वंचित वर्गों के साथ मिलकर राजनीति की है. पिछड़े. दलित. अल्पसंख्यक और पीड़ित वर्ग हमेशा सपा की प्राथमिकता रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि गठबंधन समाज के हित को ध्यान में रखकर किए जाते हैं.
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए के आधार पर ही पार्टी ने पहले भी ऐतिहासिक जीत हासिल की है. आगे की राजनीति भी इसी रास्ते पर चलेगी. उन्होंने कहा कि सम्मान और भागीदारी ही उनकी राजनीति की नींव है. वंचित और अपमानित वर्गों को साथ लेकर चलना समाजवादी पार्टी का मूल विचार है. उन्होंने मौजूदा सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सवाल पूछना देशद्रोह नहीं है. सच्चाई जानना लोकतंत्र की ताकत है.
