आंध्र प्रदेश के प्रकाशम में एक युवती का संदिग्ध हाल में शव बरामद हुआ है. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है. युवती घर दे दोस्तों के पास जाने की बात कहकर निकली थी. परिजनों ने घटना के बाद हत्या के आरोप लगाए हैं.
आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले से एक हैरान कर देने हा मामला सामने आया है. जिले के दरसी कस्बे में अपने दोस्तों के बुलावे पर घर से निकली 22 वर्षीय युवती की अगली सुबह तालाब के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका की पहचान शेख आयशा (22) के रूप में हुई है, बताया जा रहा है मृतका ने हाल ही में अपनी ग्रेजुएशन पूरी की थी. बेटी के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और एक हाथ टूटा हुआ देखकर माता-पिता ने दोस्तों पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाया है.
देर रात दर्ज कराई रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक़ 5 अक्टूबर की दोपहर को आयशा अपने परिजनों से दोस्तों के पास जाने की बात कहकर अपनी स्कूटी से घर से निकली थी. देर रात तक जब वो वापस नहीं लौटी, तो चिंतित परिवार वालों ने रिश्तेदारों, सहेलियों और जान-पहचान वालों से उसकी तलाश शुरू की. बेटी का पता नहीं मिलने पर पिता शेख रहमत बाशा ने उसी रात स्थानीय दरसी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया.
अगली सुबह मिला शव
बताया जा रहा है कि अगली सुबह पुलिस और ग्रामीणों को दरसी के पास स्थित एनएपी (NAP) तालाब के किनारे एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आयशा के रूप में की. शव के पास ही उसकी स्कूटी भी खड़ी मिली.
हाथ भी मिला टूटा
शव मिलने के बाद बताया जा रहा है कि आयशा के शरीर पर गहरे और खून से लथपथ घाव के निशान थे. उसका एक हाथ बुरी तरह टूटा हुआ था. उसके गाल पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उस पर बेरहमी से हमला किया गया था. इन तमाम साक्ष्यों के आधार पर परिजनों और ग्रामीणों ने किसी अज्ञात हमले या रंजिश के तहत हत्या किए जाने का कड़ा संदेह जताया है.
कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स खंगाल रही पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना वाले दिन आयशा की स्कूटी के आसपास कुछ अज्ञात युवकों और युवतियों को देखा गया था. पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि क्या दोस्तों के बीच किसी विवाद के चलते यह हत्या हुई, या फिर किसी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इसके साथ ही आयशा के मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) खंगाले जा रहे हैं जिससे यह साफ हो सके कि आखिरी बार उसकी बातचीत किससे हुई थी.
