Arijit singh retirement: अरिजीत सिंह ने फिल्मों के लिए गाना छोड़ने का ऐलान किया, लेकिन संगीत बनाना जारी रखेंगे. सोशल मीडिया पर इसे सलमान खान से जोड़कर चर्चा हुई, जबकि यह उनका व्यक्तिगत फैसला है.

Arijit singh retirement: अपनी मधुर आवाज से संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले अरिजीत सिंह ने अचानक फिल्मों के लिए गाने छोड़ने का ऐलान कर सभी को चौंका दिया है. उन्होंने साफ किया कि वह संगीत बनाना जारी रखेंगे, लेकिन अब केवल फिल्मों के लिए गाना नहीं गाएंगे. इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर अरिजीत के फैसले की वजह को लेकर लोग चर्चा करने लगे और कई ने इसे लेकर अटकलें लगाई हैं.
हालांकि अरिजीत ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला है, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे सलमान खान से जोड़ दिया था. उनका कहना था कि अरिजीत ने सलमान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान के लिए गाया गाना ‘मातृभूमि’ रिकॉर्ड करने के बाद ही रिटायरमेंट का फैसला लिया. इस पर मीम्स और मजाक की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने लिखा कि यह गाना अरिजीत का आखिरी गाना था, जिसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री से दूरी बनाने का मन बनाया है.
गाना ‘मातृभूमि’ हिमेश रेशमिया द्वारा संगीतबद्ध किया गया था और फिल्म चार दिन पहले रिलीज़ हुई थी. लोगों ने सोशल मीडिया पर मजाक में कहा कि सलमान खान की फिल्म के लिए गाने के बाद अरिdजीत ने फिल्मों से ही दूरी बना ली. कुछ यूजर्स ने कहा कि सलमान के लिए गाना और फिर इंडस्ट्री से अलविदा. हालांकि, यह साफ है कि अरिजीत के रिटायरमेंट में सलमान की कोई भूमिका नहीं है.
इस ट्रोलिंग का एक कारण अरिजीत और सलमान के पुराने विवाद को भी बताया जा रहा है. 2014 में एक अवॉर्ड शो के दौरान दोनों के बीच बहस हुई थी, लेकिन 2016 में अरिजीत ने फेसबुक पर सलमान से माफी मांगी थी. तब सलमान ने कहा था कि उनके बीच कोई दुश्मनी नहीं है. अब सलमान के फैंस उस पोस्ट को फिर से शेयर कर रहे हैं और साफ कर रहे हैं कि अरिजीत ने अपने रिटायरमेंट का फैसला व्यक्तिगत कारणों से लिया है.

अरिजीत ने अपने हालिया पोस्ट में यह भी बताया कि उनके कुछ गाने अभी रिलीज होने बाकी हैं. उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि उनके संगीत प्रेमियों के लिए अभी भी नई धुनें सुनने को मिलेंगी. उनका कहना है कि यह केवल फिल्मों के लिए गाने से दूरी है, संगीत से नहीं. इस फैसले के बाद भी फैंस उनकी आवाज का इंतजार जारी रखेंगे और उनका संगीत हमेशा लोगों के दिलों में गूंजता रहेगा.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
