Adil Raza is a Pakistani terrorist: पाकिस्तान सरकार ने मेजर आदिल रजा को आतंकवादी घोषित किया, जिसे उन्होंने सत्ता के खिलाफ आवाज उठाने की सजा बताया. आदिल रजा ने इसे सम्मान की तरह देखा और कहा कि यह उत्पीड़न उन्हें लोकतंत्र और मानवाधिकारों के लिए अपनी आवाज जारी रखने से नहीं रोक सकता है.

Adil Raza is a Pakistani terrorist: पाकिस्तान सरकार ने मेजर आदिल रजा को शेड्यूल 4 के तहत आतंकवादी घोषित कर दिया है. इस फैसले के बाद आदिल रजा ने इसे अपने खिलाफ ट्रांसनेशनल दमन की कार्रवाई बताया है. उन्होंने कहा कि यह फैसला किसी कानूनी आधार पर नहीं, बल्कि उनकी पत्रकारिता और सत्ता के खिलाफ आवाज उठाने की सजा है. आदिल रजा के मुताबिक यह कदम उनके और उनके परिवार के लिए गंभीर खतरे का संकेत है.
अज्ञात लोगों ने की घुसपैठ
हाल ही में लंदन के उपनगरीय इलाके में उनके घर में अज्ञात लोगों ने घुसपैठ की और घर में तोड़फोड़ की है. इस दौरान घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. आदिल रजा ने बताया कि उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही उन्होंने मीडिया को इस घटना की जानकारी दी है.
आदिल रजा ने कहा कि यह घटना कैंब्रिज में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी शहजाद अकबर पर हुए हमले के कुछ ही समय बाद सामने आई, उनका मानना है कि यह यूके में पाकिस्तान सरकार के आलोचकों और असंतुष्टों के खिलाफ बढ़ते दमन का स्पष्ट संकेत है. उन्होंने कहा कि यह सब उस समय हुआ जब सरकार उन्हें यूके से प्रत्यर्पित कराने में विफल रही थी.
“मैं इसे सम्मान की तरह देखता हुं”

पूर्व अधिकारी ने इस फैसले को पाकिस्तान की सैन्य सत्ता की ओर से चलाए जा रहे दमन अभियान का हिस्सा बताया. आदिल रजा ने कहा, “मैं इसे सम्मान की तरह देखता हूं. यह उत्पीड़न मुझे चुप नहीं करा सकता.” उनका मानना है कि इस तरह के कदम उनके प्रयासों और आवाज को और मजबूत बनाते हैं, जिससे वे लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की आजादी और आम लोगों के हक की लड़ाई जारी रखेंगे.
आदिल रजा ने यह भी साफ किया कि वे डरने वाले नहीं हैं और सत्ता के खिलाफ आवाज उठाना उनका धर्म और कर्तव्य है. उनके अनुसार, किसी भी तरह की धमकी या दमन उनके मिशन को रोक नहीं सकती है. उन्होंने भविष्य में भी पत्रकारिता और मानवाधिकारों के लिए अपनी आवाज बुलंद रखने की प्रतिबद्धता जताई है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ पॉल्यूशन का डबल अटैक; उत्तराखंड से लेकर असम तक शीतलहर ने बढ़ाई मुश्किलें
