साल का आखिरी महीना चल रहा है. दिसंबर अपने साथ सर्दी और कोहरे की चादर लेकर आता है. इन दिनों देश के कई राज्यों में सर्दी से हालात खराब हो रखे हैं. राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम विभाग ने घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. राजधानी में घने के कोहरे के कारण सोमवार को आम जीवन जैसे मानों ठप पड़ गया है. सुबह के समय प्रदेश में दृश्यता लगभग जीरो पर पहुंच गई, जिससे यातायात पर काफी असर पड़ा है. सर्दी के साथ राजधानी की हवा में भी काफी खराबी आई है. दिल्ली का AQI 403 दर्ज किया गया है. यह काफी गंभीर श्रेणी में आता है.
मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया अलर्ट
राजधानी दिल्ली में कड़ाके की सर्दी हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के लिए काफी घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में दिन का तापमान लगभग 22 डिग्री तक जा सकता है, तो वहीं सबसे कम तापमान की बात करें तो लगभग 7 डिग्री तक तापमान गिर सकता है. राजधानी के साथ में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के भी कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
उड़ानें रद्द होने की संभावना
दिल्ली में मौसम के हालातों को देखते हुए इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी करते हुए उड़ानों में देरी और उड़ानों के रद्द होने को लेकर चेतावनी दी है. एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट रविवार रात 11.55 पर गोवा से उड़ान भरती है, जिसे सुबह 2.35 पर दिल्ली पहुंचना था. लेकिन घने कोहरे और खराब मौसम के कारण विमान को डायवर्ट करते हुए अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा.
100 ट्रेनों में देरी की खबर
दिल्ली में हालात काफी ज्यादा खराब नजर आ रहे हैं. राजधानी में घने कोहरे और खराब हवा की स्थिति बनी हुई . जिसके कारण यातायात में काफी प्रभाव पड़ रहा है. इंडिगो एयरलाइंस ने भी ट्रैवल एडवाइडरी जारी करते हुए यात्रियों को देरी का सामना करने की बात कही है. तो वहीं ऐसी खबर भी आ रही है, कि दिल्ली आने वाली कुछ ट्रेनें भी काफी ज्यादा देरी से चल रही हैं. बताया जा रहा है कि दिल्ली के चलने वाली लगभग 100 ट्रेनें देरी से चल रही हैं.
नोएडा में स्कूलों की छुट्टी
खराब मौसम और घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी रात दृश्यता काफी ज्यादा कम रही, जिससे वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही है. तेज सर्दी और कोहरे के हालतों को देखते हुए नोएडा प्रशासन ने 29 दिसंबर से 1 जनवरी तर जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी के आदेश दिए हैं.
राजधानी में आज का AQI
सर्दी और कोहरे के बीच राजधानी में हवा की गुणवत्ता भी काफी चिंताजनक है. CPCB केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली में औसत AQI 403 रहा है. दिल्ली के आनंद विहार में हवा की स्थिति काफी ज्यादा खराब नजर आई है. आनंद विहार इलाके में AQI 459 तक पहुंच गया है. आनंद विहार के अलावा प्रदेश के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता काफी खराब रही है. IGI एयरपोर्ट इलाके में AQI 317 दर्ज किया गया, तो वहीं IIT दिल्ली में AQI 362 और ITO में 400 के आस-पास दर्ज किया गया. इसके साथ ही लोधी रोड पर लगभग 359 और चांदनी चौक में AQI 423 दर्ज किया गया है.
