कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बीते दिनों राजनीति में हलचल मचा दी. दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तारीफ की थी. जब इस फोटो के कारण स्थिति खराब हुई तो दिग्विजय सिंह ने सफाई भी दी. लेकिन यह कोई पहली बार नहीं है, कांग्रेस के कई ऐसे नेता हैं, जो RSS की तारीफ कर चुके हैं. कांग्रेस पार्टी के अंदर से RSS की तारीफ में कई बार आवाज उठ चुकी है. जिस संघ का गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी कट्टर आलोचक रहे हैं, उसको लेकर पार्टी के कई नेता अब तक तारीफ कर चुके हैं.
राहुल गांधी दे चुके हैं चोतावनी
देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी भी इस बात को बखूबी जानते हैं, कि पार्टी के अंदर कई ऐसे लोग हैं, जो RSS की तारीफ करते हैं, जिसको लेकर राहुल गांधी चेतावनी भी दे चुके हैं. राहुल गांधी ने कहा था, कि जिसे भी डर है वह कांग्रेस पार्टी को छेड़कर RSS में शामिल हो सकता है. राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे कई लोग हैं, जो कांग्रेस से बाहर हैं लेकिन बिल्कुल भी डरे हुए नहीं हैं, उन लोगों को पार्टी में लाओ और हमारी पार्टी के अंदर के जो लोग डरे हुए हैं, उन्हें पार्टी से बाहर निकाल देना चाहिए. उन्होंने कहा कि वे लोग को RSS वालों के पास जा सकते हैं. उन्हें मजे करने हो, हमें उनकी जरूरत नहीं है, हमें निडर लोगों की जरूरत है. ये लोग हमारे काम के नहीं हैं.
राहुल गांधी ने यह मैसेज कांग्रेस में रहने वाले RSS के मुरीदों को दिया था. कांग्रेस पार्टी में कई ऐसे नेता हैं, जो RSS की तारीफ कर चुके हैं. इस रिपोर्ट में हम आपको उन्हीं नेताओं की एक पूरी लिस्ट आपको बता रहे हैं.
किशोर पटेल कर चुके संघ की तारीफ
ओडिशा में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर पटेल ने इस साल की शुरूआत में संघ की तारीफ करके सभी को चौंका दिया था. किशोर पटेल मंत्री औ ओडिशा विधानसभा के पूर्व स्पीकर भी रह चुके हैं. किशोर पटेल ने कहा था, कि RSS पिछले 100 सालों के हिंदुत्व और चरित्र निर्माण के लिए काम कर रहा है. किशोर पटेल ने संघ और उसके सदस्यों के अनुशासन और देशभक्ति की तारीफ की थी.
संघ से मेरा संबंध- भैरो सिंह परिहार
लगभग 6 महीने पहले सुसनेर से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान संघ की तारीफ की थी. परिहार ने कहा कि भले ही वह एक कांग्रेस नेता हैं, लेकिन उनका संबंध RSS से है. उन्होंने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस में होने के बाद भी में संघ से जुड़ा हुआ हूं. उन्होंने बताया कि उन्होंने संघ के लिए काफी काम किया है. भैरो सिंह 2023 में सुसनेर विधानसभा से पहली बार विधायक बने हैं.
सज्जन सिंह वर्मा भी संघ के मुरीद
साल 2012 में नवंबर में हरियाणा के सूरजकुंड में हुए कांग्रेस सेशन के एक दिन बाद कांग्रेस के सांसद सज्जन सिंह वर्मा ने संघ की तारीफ कर दी थी, जिससे पार्टी की मुश्किलें काफी बढ़ गईं. सज्जन सिंह वर्मा मध्य प्रदेश के देवास के सांसद रह चुके हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता लगन के साथ में काम करते हैं, वहीं हमारे नेता AC वाले कमरों से बाहर आना नहीं चाहते हैं. उन्होंने कहा था, कि दिल्ली में बैठे नेताओं को कुछ फर्क नहीं पड़ता है वे सभी अपने काम से खुश हैं. लेकिन वहीं जब बात मध्य प्रदेश के जंगलों में घूमने की आती है, तो हमारे नेता अपने AC वाले कमरों से बाहर नहीं आते हैं.
कांग्रेस को संघ से सीखना चाहिए- दीपक बाबरिया
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के नेता दीपक बाबरिया भी पार्टी के कई नेताओं की तरह संघ की तारीफ कर चुके हैं. दीपक बाबरिया ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को RSS से अनुशासन सीखने की बात कही थी. दीपक ने कहा था, कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को यह देखना चाहिए कि संघ के कार्यकर्ताओं के अंदर कितना ज्यादा अनुशासन है.
RSS की गीत भी गा चुके हैं कांग्रेस नेता
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार विधानसभा में संघ का गीत भी गा चुके हैं. जिसके बाद विवाद बढ़ा तो उन्होंने माफी भी मांगी थी. उन्होंने कहा कि मैनें संघ की तारीफ नहीं की है, बल्कि हमारे विरोधियों के बारे में जानना मेरा काम है. इनके बाद कर्नाटक में ही कांग्रेस विधायक एचडी रंगनाथ भी RSS के गीत की तारीफ कर चुके हैं. एचडी रंगनाथ ने नमस्ते सदा वत्सले की शुरुआती लाइनें सुनाईं और इसे बेहद अच्छा गीत बताया था. उन्होंने कहा था, कि उप मुख्यमंत्री के द्वारा विधानसभा में यह गीत गाने के बाद मैंने इसे सुना और मुझे इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी धर्मनिरपेक्ष है और हम लोगों को दूसरों से अच्छी बातों को सीखना और अपनाना चाहिए.

