india visa rules simplified: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विदेशियों के भारत आने की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 और सब-कैटेगरीज को 49 से घटाकर 23 कर दिया है.

india visa rules simplified: भारत में घूमने, पढ़ाई करने और इलाज कराने का सपना देखने वाले विदेशी नागरिकों के लिए केंद्र सरकार ने बहुत बड़ी राहत दी है. मोदी सरकार ने पूरे वीजा सिस्टम को बेहद आसान और पारदर्शी बना दिया है. सरकारी प्रक्रियाओं में लगने वाले बेवजह के झंझटों को खत्म करते हुए गृह मंत्रालय ने मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर सिर्फ 9 कर दी है. इसके साथ ही वीजा की सब-कैटेगरीज को भी 49 से घटाकर 23 कर दिया गया है. बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आधिकारिक अधिसूचना जारी करके इन नए ऐतिहासिक सुधारों का ऐलान किया.
वीजा फॉर्म में 70 फीसदी तक घटे कॉलम
गृह मंत्रालय द्वारा जारी नए नोटिफिकेशन के अनुसार आवेदकों को अब लंबी-चौड़ी कागजी कार्रवाई से मुक्ति मिल जाएगी. सभी 23 उप-श्रेणियों के वीजा आवेदन फार्मों में पूछे जाने वाले सवालों और कॉलम की संख्या को 65 से 70 प्रतिशत तक कम कर दिया गया है. इससे पूरा फॉर्म भरना काफी आसान और यूजर-फ्रेंडली हो गया है. केंद्र सरकार ने वीजा नियमों को आसान बनाने का यह कदम लगातार दूसरी बार उठाया है. इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी मुख्य श्रेणियों को 22 से घटाकर 13 और सब-कैटेगरीज को 63 से घटाकर 49 किया गया था.
स्टूडेंट वीजा को दो नई श्रेणियों में बांटा गया
शिक्षा के क्षेत्र में विदेशी छात्रों को आकर्षित करने के लिए सरकार ने स्टूडेंट वीजा का पूरी तरह पुनर्गठन कर दिया है. अब इसे मुख्य रूप से दो श्रेणियों S-1 और S-2 में विभाजित किया गया है. S-1 वीजा उन विदेशी छात्रों के लिए होगा जो भारत आकर स्कूली शिक्षा, ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई करना चाहते हैं. वहीं S-2 वीजा पीएचडी स्कॉलर्स, रिसर्च करने वाले छात्रों, विजिटिंग फैकल्टी, वैज्ञानिक अभियानों, इंटर्नशिप और एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को जारी किया जाएगा.
विदेशी छात्रों के लिए ‘स्टडी इन इंडिया’ पोर्टल
यदि कोई विदेशी छात्र भारत के शिक्षण संस्थानों में दाखिला लेना चाहता है, तो उसे ‘स्टडी इन इंडिया’ पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा. इस आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकृत होने वाले विदेशी छात्रों को अधिकतम 5 साल या फिर उनके कोर्स की पूरी अवधि (जो भी कम हो) के लिए e-S1 वीजा दिया जाएगा. इस खास वीजा की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि छात्रों को मल्टीपल एंट्री की सुविधा मिलेगी. यानी पढ़ाई के दौरान वे कई बार आसानी से अपने देश आ-जा सकेंगे और उन्हें बार-बार नया वीजा नहीं लेना पड़ेगा.
टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर हुआ विजिटर वीजा
नियमों में बदलाव के साथ-साथ सरकार ने टूरिस्ट वीजा की पहचान भी बदल दी है. अब तक जारी होने वाले ‘टूरिस्ट वीजा’ को अब ‘विजि़टर वीजा’ के नाम से जाना जाएगा. इसके अलावा मेडिकल, स्टूडेंट और बिजनेस वीजा से जुड़े नियमों को भी समय के हिसाब से नए सिरे से तैयार किया गया है. गृह मंत्रालय फिलहाल अपने आईटी और ऑनलाइन पोर्टल सिस्टम को इन नए नियमों के अनुसार अपडेट कर रहा है. अधिकारियों का मानना है कि इस साल के अंत तक नए संशोधित नियमों के तहत वीजा देने की प्रक्रिया पूरी तरह चालू हो जाएगी.
टूरिज्म और मेडिकल सेक्टर को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
सरकार के इस बड़े फैसले से देश के पर्यटन, शिक्षा और मेडिकल सेक्टर को जबरदस्त फायदा पहुंचने की उम्मीद है. नियम सरल होने से ज्यादा से ज्यादा विदेशी पर्यटक भारत का रुख करेंगे. साथ ही भारतीय अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले विदेशी मरीजों को भी अब लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा. भारत को एक ग्लोबल एजुकेशन और मेडिकल हब बनाने की दिशा में यह सुधार एक बेहद महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. आने वाले दिनों में इसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार पर भी दिखाई देगा.
